कर्जा होने के कारण युवती ने की थी चोरी: ड्रिंक में मिलाई थी नशीली गोली

फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 23 जून। कोतवाली फर्रुखाबाद पुलिस ने चोरी के जेवरात व नकदी बरामद कर युवती को गिरफ्तार कर लिया है। नगर के मोहल्ला कूंचा भवानी दास निवासी सर्राफ प्रशांत वर्मा ने मोहल्ले के प्रदीप कुमार वर्मा की पुत्री सिमरन के विरुद्ध पत्नी को नशीला कोल्ड ड्रिंक पिलाकर जेवर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सीओ सिटी अभय कुमार वर्मा ने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए मीडिया को बताया कि पुलिसिंग के अन्तर्गत “यक्ष ऐप (Yaksh App)” के ब्रॉडकास्टिंग फीचर का प्रभावी उपयोग करते हुए घटना में वांछित अभियुक्ता को चोरी किये गये दो कंगन पीली धातु व 6,36,150 रूपये नगद बरामद कर अभियोग में धारा 317(2) बीएनएस की बढोत्तरी कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।

उन्होंने बताया कि पूंछताछ करने पर अभियुक्ता ने बताया कि मुझ पर काफी कर्जा हो गया था। जब मुझे कोई रास्ता समझ नही आया तब मैं प्रशान्त वर्मा के घर पर गई और उनकी पत्नी को कोल्डड्रिंक मे अल्फ्राजोल 0.5 टेबलेट मिलाकर पिला दी। महिला के बेहोश हो जाने पर अलमारी में रखे जेवर चोरी कर लिये। जेवरात गलवाकर सर्राफा बाजार में एएम गोल्ड बुलियन रिफायनरी एण्ड टेस्टिंग से टंच करवाकर अलग-अलग दुकानो पर बेचकर नगद भुगतान प्राप्त किया था, दो कंगन बचा लिये थे। गुड वर्क करने वाली टीम में थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह गहलोत,उप निरीक्षक ज्ञान प्रकाश पाण्डेय, सिपाही ईशु कुमार, महिला सिपाही कुसुमा व निशा शामिल रही।

error: Content is protected !!