फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 25 जून। प्रधान के दबंग पुत्र ने हमला करके सफाई कर्मचारी प्रशांत कुमार को घायल कर दिया। डाक्टरी परीक्षण कराने के बावजूद थाना पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। सफाई कर्मचारी प्रशांत कुमार ने बीते दिन थाना कंपिल पुलिस को शिकायती पत्र देकर अवगत कराया कि मैं किदवई नगर गुरसहायगंज जनपद कन्नौज का मूल निवासी हूँ। जिला पंचायत राज विभाग में सफाई कर्मचारी के पद पर तैनात हूँ। वर्तमान समय में प्रार्थी विकास खण्ड कायमगंज की ग्राम पंचायत सिवारा खास के राजस्व ग्राम सिवारा खास में कार्यरत हूँ। 
प्रार्थी प्रतिदिन की तरह अपनी ड्यूटी पर आज लगभग सुबह 9.30 बजे सिवारा खास के मेन रोड पर देशी शराब ठेका के सामने सफाई कार्य करने पहुंचा। मुझे देखते ही शिवांग शुक्ला पुत्र संतोष कुमार शुक्ला निवासी ग्राम सिवारा ने अपने पास बुलाकर अपने गोदाम पर अपने निजी कार्य करने को कहने लगे। उन्होंने निजी कार्य करने के लिये कहा, मैंने कहा कि ड्यूटी के बाद आप अपना कार्य करा लेना। इतने में ही शिवांग शुक्ला ने मुझे जाति सूचक मां बहन की गंदी गंदी गालियां देने लगे, मैंने कहा गाली गलौज मत करों ड्यूटी के बाद आपका निजी कार्य कर देंगे तो तत्काल कुर्सी उठा मेरी गर्दन पर मार दी जिससे मेरी गर्दन पर अंदरुनी चोटे आई हैं।
शिवांग कहने लगे की गांव में ड्यूटी करना है तो मेरा निजी काम करना होगा बरना आज तो थोड़ा मारा है अगली बार तुझे पता नहीं मैं क्या करूंगा। यह कहकर मुझे वहां जबरन रोक लिया हमें घर या कार्यालय पर जाने नहीं दे रहे थे। फिर थाना प्रभारी के कहने पर मुझे छोड़ा जब मैं वहां से चला तो फिर रोक लिया और कहा कि सुन अगर तूने इस घटना की कही शिकायत की तो तू याद रखना इसका अंजाम घातक होगा। हमले से मेरी गर्दन पर अंदरुनी चोट लगी हैं जिससे मैं गर्दन में दर्द से परेशान हूँ। मेरा मेडिकल परीक्षण कराया जाएँ और मेरी रिपोर्ट दर्ज कर दबंग पर कानूनी कार्यवाही की जाएँ। पीड़ित प्रशांत ने एफबीडी न्यूज को बताया कि हमलावर शिवांग ग्राम प्रधान संतोष कुमार शुक्ला का पुत्र है शिवांग प्रधानी का कार्य देखता है।
प्रशांत ने बताया कि यदि कुर्सी सर में लगती तो सर फट सकता था। हमला होने के भय के कारण मैंने काम करना बंद कर दिया है कंपिल थानाध्यक्ष नितिन कुमार ने एफबीडी न्यूज़ को बताया की कर्मचारी का डाक्टरी परीक्षण करा दिया है शिकायती पत्र की जांच क्षेत्राधिकारी द्वारा की जा रही है जांच रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी ने एफबीडी न्यूज़ को बताया की मोहर्रम जुलूस में व्यस्त होने के कारण शिकायती पत्र की जांच नहीं कर पा रहा हूं। समय मिलने पर दोनों पक्षों को बुलाकर जांच की जाएगी।

