फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 25 जून। जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर की अध्यक्षता में उद्योग बन्धु एवं व्यापार बन्धु समिति की बैठक में अव्यवस्थाओं को दूर कर सुविधाओं के लिए निर्देश दिए गए। बैठक में व्यापारियों एवं उद्योग बंधुओं ने जिलाधिकारी क समस्याओं से अवगत कराया गया जिस पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि व्यापारियों एवं उद्योग बंधुओं का विकास शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शुमार है। संबंधित अधिकारी व्यापारियों एवं उद्योगपतियों की समस्याओं को प्राथमिकता से निस्तारित कराएं। उन्होंने उपयुक्त उद्योग को निर्देशित करते हुए कहा कि “मुख्यमंत्री युवा योजना” के तहत प्राप्त आवेदनों के सापेक्ष आच्छादित लाभार्थियों एवं बैंक स्तर पर लंबित आवेदनों की प्रगति आख्या उपलब्ध कराएं।
डीएम ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को निर्देश दिए कि लालसराय मछली मण्डी में “नवयुग पालिका योजना” के तहत वेंडिंग जोन एवं मल्टी लेवल कार पार्किंग का निर्माण कराएं। नगर क्षेत्र में अभियान चलाकर आवारा गोवंश को आश्रय स्थलों तक पहुंचाएं। अत्यधिक कूड़ा एकत्र वाले स्थलों का चिन्नांकन कर उक्त स्थलों पर गीला एवं सूखा कचरा निस्तारण हेतु अलग-अलग बॉक्स रखवाएं तथा आम जनमानस को साफ सफाई के महत्व के प्रति जागरूक भी करें। शहरी क्षेत्र में स्थापित नालों की व्यवस्थित रूप से साफ सफाई कराएं एवं 15वें वित्त आयोग तथा वैश्विक नगर योजना में प्राप्त धनराशि से बड़े एवं खुले नालों को पाटने का कार्य भी करें।
उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में अतिक्रमण की शिकायतों पर प्रभावी रूप से अभियान चलाकर कार्यवाही करें, इसके साथ ही जेएनबी रोड, छोटी जेल तथा पुलमंडी पर मौरंग मिट्टी के अनावश्यक परिवहन पर नियंत्रण स्थापित करें, शिकायत पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्यवाही पूर्ण करें।
नगर पालिका के अंतर्गत वार्डों में साफ सफाई करने वाले सफाई कर्मियों की कार्यशैली की गुणवत्ता में सुधार लाएं तथा आरोग्य पथ के किनारे रेलिंग स्थापित कराएं, जिससे लोगों को किसी भी प्रकार की सुविधा न हो। जिलाधिकारी ने व्यापारियों एवं उद्योगपतियों से अपील करते हुए कहा कि वह अपने प्रतिष्ठानों एवं दुकानों पर फायर सेफ्टी उपकरण, इलेक्ट्रिक उपकरण एवं सुरक्षा संबंधी अन्य उपकरणों का परीक्षण कराकर उपकरणों को मानकों के अनुरूप दुरुस्त कराएं। व्यापार मंडल के प्रतिनिधि दुकानदारों एवं लोगों को कूड़ा निस्तारण में जिला प्रशासन का सहयोग करने हेतु प्रेरित करें। परीक्षण में यत्र तत्र कूड़ा फेंकने वाले लोगों का चिन्हांकन कर संबंधित के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने यातायात प्रभारी को निर्देशित करते हुए कहा कि फतेहगढ़ चौराहे से फतेहगढ़ कोतवाली तक वन वे मार्ग संचालित करें, इसके साथ ही नियम विरुद्ध रूप से परिचालन करने वाले ई रिक्शा वाहनों को व्यवस्थित कराएं।
बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, मुख्य कोषाधिकारी अमरेश बाजपेई, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका विनोद कुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड मुरलीधर, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड अशोक कुमार, पर्यटन अधिकारी मकबूल, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी नीरज शर्मा सहित अन्य अधिकारी तथा व्यापार बंधु एवं उद्योग बंधु उपस्थित रहे।

