फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 29 जून। नगर पालिका के ठेकेदार के द्वारा पुलिस चौकी में घटिया तरीके से बनाई गई दीवार गिरने से सिपाही व मजदूर बाल- बाल बच गए। यह घटना आज शाम करीब 5.45 बजे रेलवे रोड पुलिस चौकी की है। नगर पालिका के ठेकेदार के द्वारा रेलवे रोड के फुटपाथ पर ईंटें बिछाने का कार्य किया जा रहा है। पुलिस चौकी के सामने ट्रांसफार्मर रखा होने के कारण फुटपाथ के निर्माण का कार्य नहीं हो पा रहा था। नगर पालिका के ठेकेदार के द्वारा पुलिस चौकी के शौचालय के पूर्वी दीवार खड़ी करने के लिए कई मिस्त्री व मजदूर लगाए गए। मुफ्त में कार्य होने के कारण घटिया तरीके से जल्दबाजी में दीवार बनाई जा रही थी। चौकी के सिपाही महेंद्र प्रताप सिंह ने घटिया निर्माण कार्य देखकर मिस्त्री को बताया कि दीवाल टेढ़ी उठ रही है।
इसके बावजूद मिस्त्री ने सिपाही की आपत्ति पर कोई ध्यान नहीं दिया। थोड़ी देर बाद ही दीवार भरभरा कर गिर पड़ी, जिससे वहां खड़े सिपाही वह मजदूर चोट लगने से बाल-बाल बच गए। सिपाही महेंद्र प्रताप सिंह ने घटिया निर्माण कार्य की जानकारी देते हुए मीडिया को बताया कि जेई अजय बाबू दोपहर के समय मिस्त्री से कह गए थे कि आज ही पूरी दीवार उठनी चाहिए। मालूम हो की आईटीआई सब स्टेशन के जेई अजय बाबू ने फुटपाथ पर रखे ट्रांसफार्मर को हटवाने के लिए पश्चिम और ऊंचाई में ट्रांसफार्मर रखने के लिए बीते दिनों ऊंचाई में फाउंडेशन बनाया था। उसी दौरान तत्कालीन चौकी इंचार्ज कल्पेश चौधरी ने ट्रांसफार्मर के निकट शौचालय के ऊपर लेटर डलवाने के लिए कहा था।
विद्युत विभाग के कर्मचारी शौचालय पर बिना लेटर डलवाए ट्रांसफार्मर को फाउंडेशन पर रखवा रहे थे शौचालय का लेटर न डालने के कारण चौकी इंचार्ज ने ट्रांसफार्मर नहीं रखने दिया था। ट्रांसफार्मर का कुछ हिस्सा पुलिस चौकी की सीमा में जा रहा था।
(मुन्ना गुप्ता की रिपोर्ट)

