फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 9 सितंबर। सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने आज शाम मुख्यमंत्री से भेंट कर पुराने रेट पर जमीन का बैनामा करने वाले किसानों को नया सर्किल रेट दिलाए जाने की मांग की है। श्री द्विवेदी ने एफबीडी न्यूज़ को बताया कि मुख्यमंत्री ने किसानों को नए सर्किट रेट से मुआवजा दिलाये जाने का आश्वासन दिया है। श्री द्विवेदी ने बताया कि नया सर्किल रेट मिलने से सैकड़ों किसानों को लाखों रुपयों का फायदा होगा। श्री द्विवेदी ने प्रार्थना पत्र देकर मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि जनपद में फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेस-वे परियोजना हेतु संरेखित भूमि में ग्राम सभा भूमि के अतिरिक्त कृषक गणों की काश्तकारी भूमि सम्मिलित की गयी है।
जिला प्रशासन द्वारा कृषक गणों को शासन के आदेश के अनुसार काश्तकारी भूमि का प्रभावी सर्किल रेट के 4 गुना पर बैनामा कराये जाने हेतु निरन्तर कहा गया। जबकि कृषक गणों द्वारा सर्किल रेट पुनरीक्षित किये जाने की निरन्तर मांग की गयी। जिला प्रशासन द्वारा फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना के निर्माण से क्षेत्र के विकास को दृष्टिगत रखते हुये बैनामा कराये जाने हेतु कृषक गणों से आग्रह किया गया। जिला प्रशासन के निरन्तर आग्रह पर कृषक गणों द्वारा तत्समय प्रभावी सर्किल रेट पर अपनी काश्तकारी भूमि का परियोजना हेतु बैनामा किया गया, किन्तु कृषक गणों द्वारा सर्किल रेट पुनरीक्षित किये जाने की निरन्तर मांग की जाती रही।
जिसमें मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जिला प्रशासन द्वारा संज्ञान लेते हुये सर्किल रेट पुनरीक्षित किया गया एवं नवीन सर्किल रेट दिनांक 09-05-2026 से प्रभावी किया गया। तदोपरान्त बढ़े हुये सर्किल रेट पर कृषक गणों की काश्तकारी भूमि क्रय की गयी। उक्त कृषक गणों द्वारा जिला प्रशासन के निरन्तर आग्रह पर अपनी काश्तकारी भूमि का तत्समय प्रभावी सर्किल रेट पर परियोजना हेतु बैनामा किया गया। तदोपरान्त उक्त कृषक गणों की श्रेणी/प्रकार की ही भूमि का बढ़े हुये सर्किल रेट पर सम्बन्धित कृषक गणों द्वारा बैनामा किया गया है।
जिस कारण उक्त कृषक गणों (तहसील अमृतपुर में 316 कृषक रकवा 23.5084 हे0 एवं तहसील सदर में 540 कृषक रकवा 43.4948 हे० इस प्रकार कुल 856 कृषक रकवा 67.0032 हे0) को प्रतिफल की कम धनराशि प्राप्त हुयी है। महोदय से सादर अनुरोध है कि दिनांक 09-05-2026 से बढे हुये सर्किल रेट के अनुसार उक्त कृषक गणों द्वारा पुराने सर्किल रेट पर किये गये बैनामों की अन्तर धनराशि दिलाये जाने के सम्बन्ध में आवश्यक कार्यवाही कराने की कृपा करें।

