सपा की जिला महानगर एवं सभी फ्रंटल संगठन भंग: जिला अध्यक्ष को अभय दान

फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 12 सितंबर 26। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जिलाध्यक्ष को छोड़कर जिला एवं महानगर कमेटी के अलावा सभी फ्रंटल संगठनों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। इस आदेश की जानकारी मिलते ही पदाधिकारी में मायूसी छा गई है। अनेकों नेताओं ने काफी जोड़-तोड़ एवं धन खर्च करके महत्वपूर्ण पद हासिल किए थे। पद जाने के साथ ही नेताओं का जलवा खत्म हो गया है। बताया गया है कि सपा जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव के ऊपर सपा मुखिया अखिलेश यादव की विशेष कृपा है। जिसके कारण उनकी छुट्टी नहीं की गई है। बेहद कमजोर समझे जाने वाले चंद्रपाल सिंह यादव अब काफी प्रभावशाली साबित हो रहे हैं।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के निजी सचिव गंगाराम ने आज ही पत्र जारी कार्यकारिणी को भंग करने की घोषणा की है। उन्होंने कार्यालय- ज्ञाप में कहा है समाजवादी पार्टी, जनपद फर्रुखाबाद के जिलाध्यक्ष को छोड़कर जिला कार्यकारिणी एवं महानगर अध्यक्ष सहित महानगर कार्यकारिणी, फ्रन्टल संगठनों के समस्त जिलाध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष कार्यकारिणी के पदाधिकारी, सदस्यगण तथा फर्रुखाबाद की समाजवादी पार्टी की राज्य कार्यकारिणी के समस्त पदाधिकारी, सदस्यगण व समस्त फ्रन्टल संगठनों की प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारी, सदस्यगण तत्काल प्रभाव से भंग किये जाते हैं।

कमेटी भंग होने पर सपा नेताओं ने सोशल मीडिया पर जबरदस्त प्रक्रिया व्यक्त की है। सपा नेता प्रदीप यादव और टीटू ने कहा है कि एक दूसरे की खींचातानी फिर….. यह तो होना ही था समाजवादी पार्टी फर्रुखाबाद में कार्यकर्ता तो कम ही हैं सभी नेता ही हैं। नवीन कार्यकारिणी में पद प्राप्त करने हेतु अपने-अपने सरपरस्तों से सिफारिश करानी है तो परिक्रमा तो शुरू करनी पड़ेगी। क्योंकि सरपरस्त भी बिना परिक्रमा के किसी की मदद नहीं करते। अब और खेमे बंदी शुरू हो जाएगी।

error: Content is protected !!