होटल हिंदुस्तान वाले संदीप दुबे की 43 लाख की संपत्ति कुर्
फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 15 सितंबर 26। प्रशासन ने आज गैंग्स्टर एक्ट से सम्बन्धित गैंग सदस्य सन्दीप दुबे द्वारा सहयोगियों के साथ मिलकर अवैध रूप से अर्जित की गयी 43,30,578 रुपये कीमती अचल संपत्ति कुर्क कर ली है। जनपद पुलिस द्वारा अपराध एंव अपराधियों के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में कोतवाली फर्रुखाबाद पर पंजीकृत मु0अ0सं0 899/2021 धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986 बनाम सन्दीप दुवे पुत्र नरेश दुवे निवासी घेरश्यामू खां निकट घूंघट पैलेस कोतवाली फर्रुखाबाद आदि पंजीकृत किया गया था।
गैंग सदस्य सन्दीप दुवे उपरोक्त द्वारा अपने सह अभियुक्त अनुपम दुबे, अनुराग दुबे उर्फ डब्बन पुत्रगण स्व० महेश चन्द्र दुबे नि० मो० कसरट्टा कोतवाली फतेहगढ़ आदि के साथ मिलकर अपने आर्थिक व भौतिक लाभ प्राप्त करने हेतु समाज विरोधी क्रिया कलाप करते हुए विगत कई वर्षों से गिरोह बनाकर लगातार अपराधिक गतिविधियो में लिप्त रहकर अपने स्वार्थ के लिए अपराध कारित किये गये हैं। गैंग सदस्य सन्दीप उपरोक्त की अपराध से अर्जित अवैध अचल सम्पत्ति को कुर्क किये जाने हेतु जिला मजिस्ट्रेट के द्वारा आदेश 24.08.26 के तहत अभियुक्त सन्दीप एवं उसके परिजनों के नाम पंजीकृत अवैध अचल सम्पत्ति को गैंग्स्टर अधिनियम की धारा 14(1) के अन्तर्गत निम्न प्रारुप में अंकित सम्पत्ति जिसकी कुल कीमत 43,30,578.00/- (तैतालिस लाख तीस हजार पांच सौ अठहत्तर रुपये), को कुर्क किए जाने के लिए आदेशित किया गया।
जिसके क्रम में कुर्की की कार्यवाही सम्पादित कराने हेतु प्रशासन द्वारा जनपद फतेहगढ़ में नियुक्त प्रशासक नायब तहसीलदार हरदीपक सिंह एवं थानाध्यक्ष मऊदरवाजा अजब सिंह मय हमराह फोर्स के नेतृत्व में सूची में अंकित भूखण्डों को दिनाँक 15.09.26 को कुर्क किया गया। संदीप दुबे के नाम नगर के मोहल्ला खारबंदी अंदर शहर गढी असरफ अली में 21 लाख रुपए कीमती आवासीय प्लॉट एवं मोहल्ला अल्लाह नगर उर्फ़ बढ़पुर में 22 लाख रुपए कीमती प्लाट है। बढ़पुर प्लाट के स्वामी मोहल्ला विकास नगर निवासी ज्ञानेंद्र सिंह पुत्र सिद्धनाथ सिंह है। संदीप दुबे ने गढ़ी असरफ अली का प्लाट कोतवाली मोहम्मदाबाद के ग्राम उगरपुर सुल्तानपुर पट्टी निवासी आदित्य सिंह राठौर पुत्र कौशलेंद्र प्रताप सिंह एवं मोहल्ला दीवान मुबारक निवासी इसरार अहमद पुत्र स्वर्गीय अली मोहम्मद से खरीदा था। कुर्की कार्रवाई के दौरान कानूनगो प्रमोद शुक्ला मौजूद रहे।

