फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 16 सितंबर 26। फर्रुखाबाद से शुरू हुआ प्रदेशव्यापी आलू आंदोलन अब राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक समर्थन मिलने लगा है। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद से किसान आंदोलन के प्रदेश अध्यक्ष अजय अनमोल के नेतृत्व में शुरू किए गए प्रदेशव्यापी आलू आंदोलन को अब देश के कई राज्यों के किसानों का समर्थन मिलने लगा है। हरियाणा, पंजाब, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों के किसान नेताओं ने आलू किसानों की समस्याओं और उनकी मांगों को लेकर चलाए जा रहे इस आंदोलन के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया है।
इस संबंध में किसान आंदोलन के प्रदेश अध्यक्ष अजय अनमोल ने दिल्ली में विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ किसान नेताओं से मुलाकात कर आलू किसानों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान वरिष्ठ किसान नेता गुणवंत पाटिल, गुरु प्रताप सिंह मान, गुणी प्रसाद, सुब्रत मणि त्रिपाठी सहित कई किसान नेताओं से बातचीत हुई। अजय अनमोल ने कहा है कि आलू किसान आज गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहा है। लागत बढ़ने, उचित मूल्य नहीं मिलने और भंडारण तथा बाजार की समस्याओं के कारण किसानों को लगातार नुकसान उठाना पड़ रहा है।
उत्तर प्रदेश में शुरू किया गया आलू आंदोलन केवल उत्तर प्रदेश के किसानों का आंदोलन नहीं रहेगा, बल्कि देश के आलू उत्पादक किसानों की आवाज बनेगा। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए आलू नीति बनाना आवश्यक है। किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य मिले, लागत की भरपाई हो तथा आलू के भंडारण, प्रसंस्करण और विपणन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में देश के विभिन्न राज्यों के किसान नेताओं से समन्वय कर आलू किसानों की मांगों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाया जाएगा।
श्री अनमोल ने बताया कि आलू की आवाज उठेगी, तभी आलू नीति बनेगी और तभी आलू किसान बचेगा। फर्रुखाबाद के बाद अब 18 सितम्बर को कन्नौज कलक्ट्रेट पर होगा आलू किसानों का प्रदर्शन।

