फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 23 सितंबर 26। व्यापारी नेताओं ने अपर पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है कि नगर में सूदखोर ब्याज वसूलने के लिए गुंडागर्दी करते हैं। अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने आज पुलिस लाइन के सभागार में व्यापारी प्रकोष्ठ की बैठक का आयोजन किया। एसपी द्वारा समस्याएं पूछे जाने पर व्यापारियों ने उन्हें बताया की नगर फर्रुखाबाद में अनेकों अवैध सूदखोर बिना लाइसेंस जरूरतमंद लोगों को रुपए देते हैं और बाद में 10% तक का ब्याज लगाकर गुंडागर्दी करके जबरन रुपए वसूलते हैं।
शहर में अवैध ई रिक्शा चालकों की भरमार हो गई है जो स्कूल की छुट्टी के दौरान छात्राओं के साथ बदसलूकी करते हैं। रात 8 बजे के बाद चौक चौराहों पर पुलिस गायब हो जाती है लाल सराय पर पुलिस के न होने पर जाम लगता है। क्या जानकारी देते हुए व्यापारी नेता राजू गौतम ने बताया कि व्यापारियों की समस्याएं सुनने के बाद अपर पुलिस अधीक्षक ने समस्याओं का तुरंत ही समाधान करने का वादा किया है। बैठक में जिला उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष सदानंद शुक्ला, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजू गौतम आदि अनेकों व्यापारी मौजूद रहे।

