फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज) 24 सितंबर 26। प्रभारी अधिकारी आयुध एवं नगर मजिस्टेट ने कोतवाली फतेहगढ़ के प्रभारी निरीक्षक को आज आदेशित किया है कि सही तथ्यों को छुपा कर एवं कूटरचित दस्तावेज प्रस्तुत कर धोखाधड़ी से रिवाल्वर का शस्त्र लाइसेंस लेने वाले खालिद उर्फ रज्जू के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करें। मालूम हो कि कोतवाली फतेहगढ़ के मोहल्ला सिविल लाइन निवासी फरार माफिया खालिद उर्फ रज्जू पुत्र इरशाद खां ने जनपद गाजियाबाद थाना पिलखुबा ग्राम निडोरी (मंसूरी) निवासी होने का फर्जी आधार कार्ड दस्तावेज बनवाये।
खालिद उर्फ रज्जू ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर वर्ष 2007 में गाजियाबाद से रिवाल्वर का लाइसेंस बनवाया है। इस बात की जानकारी होने पर कोतवाली फतेहगढ़ सिविल लाइन मडिया निवासी सुधीर कुमार दिवाकर ने जिलाधिकारी फर्रुखाबाद एवं जिलाधिकारी गाजियाबाद से शिकायत कर धोखाधड़ी करने वाले खालिद उर्फ रज्जू के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराकर कार्रवाई किए जाने की मांग की थी। सुधीर कुमार ने यह जानकारी देते हुए बताया कि बीते वर्षों खालिद उर्फ रज्जू के करीबी कमाल के पास आधार कार्ड बनवाने का ठेका था इस दौरान रज्जू ने फर्जी आधार कार्ड बनवाया था।
उन्होंने बताया कि गाजियाबाद की नगर मजिस्ट्रेट ने अवगत कराया है की रज्जू का शस्त्र लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है जनपद गाजियाबाद में भी रज्जू के विरुद्ध धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है।

