फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 25 सितंबर 26। हादसे में युवक शरद उर्फ सोनू शाक्य की मौत हो जाने पर परिवार में मातम छा गया। जनपद मैनपुरी थाना बेवर के ग्राम नगला सहाय निवासी शेशबरन शाक्य का 30 वर्षीय पुत्र सोनू पत्नी खुशबू के साथ बीती शाम फर्रुखाबाद आवास विकास कॉलोनी स्थित दि केयर हॉस्पिटल में मां श्रीमती गीता को देखने गया था। सोनू पत्नी खुशी के साथ मोटरसाइकिल द्वारा वापस घर जा रहा था जब वह रात करीब 10.30 बजे कोतवाली मोहम्मदाबाद के ग्राम सकबाई के निकट से गुजर रहा था उसी समय चार पहिया वाहन की जोरदार टक्कर लगने से पति-पत्नी घायल हो गए।
ईएमटी अश्वनी कुमार ने घायल दंपति को रात 11.30 बजे लोहिया अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर ने सोनू को मृत घोषित कर दिया, घायल खुशबू का उपचार किया गया। पति के मरने की जानकारी होते ही पत्नी खुशी बुरी तरह बिलखती रही। बताया गया कि सोनू का करीब एक वर्ष पूर्व जनपद औरैया थाना सहार के ग्राम उदयीपुरवा निवासी खुशी के साथ विवाह हुआ था। थाना सौरिख के ग्राम किसई जगदीशपुर निवासी अशोक कुमार शाक्य ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि बहन गीता का बीते दिन ही किडनी का ऑपरेशन हुआ है मैं बहन को देखने आया हूं।

