फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज़) पत्नी से झगड़ा होने से नाराज युवक शगुन सिंह चौहान ट्रेन से कटकर गंभीर रूप से घायल हो गया। थाना मऊदरवाजा के ग्राम लोहा पानी निवासी रनपाल सिंह चौहान के पुत्र शगुन की कि करीब एक वर्ष पूर्व थाना हरपालपुर क्षेत्र से विवाह हुआ है। आज दोपहर शगुन का किसी बात को लेकर पत्नी से झगड़ा हुआ। गुस्साया शगुन घर से फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन की ओर जा रहा था।
जब वह करीब 2 बजे फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन की पश्चिमी क्रॉसिंग के निकट से गुजर रहा था। उसी समय फर्रुखाबाद से कासगंज जाने वाली पैसेंजर ट्रेन गुजर रही थी। जब ट्रेन की आखिरी बोगी निकल रही थी उसी समय शगुन ने मरने के लिए रेलवे ट्रैक पर छलांग लगा दी। ट्रेन से शगुन के कमर के नीचे दोनों पैर कट गये। गंभीर घायल शगुन को जीआरपी ने लोहिया अस्पताल पहुंचाया। शगुन के पास आधार कार्ड व मोबाइल फोन से उसके परिजनों को जानकारी दी गई।
परिजन व प्रधान राजेंद्र सिंह पाल लोहिया अस्पताल पहुंचे। परिजन शगुन का बेहतर इलाज कराने के लिए प्राइवेट अस्पताल ले गए। प्रधान राजेंद्र सिंह पाल ने एफबीडी न्यूज को बताया कि करीब 24 वर्षीय घायल शगुन को सिटी अस्पताल में भर्ती कराने लाए है उसकी हालत गंभीर है। बाद में बताया गया सिटी अस्पताल वालों ने युवक को भर्ती नहीं किया।
तब युवक द केयर हॉस्पिटल ले जाया गया डॉक्टर ने एंबुलेंस में चेक करने के बाद बताया कि युवक की मौत हो चुकी है। यह जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया युवक के शव को घर ले जाया गया।
नशेड़ी ने फांसी लगाई
नशेड़ी राममोहन ने बीती रात फांसी लगाकर जान दे दी। राममोहन कोतवाली मोहम्मदाबाद के ग्राम लकुटपुरा निवासी ओमप्रकाश का 35 वर्षीय पुत्र था। राममोहन बीती रात घर के बाहर बकैना के पेड़ पर प्लास्टिक की रस्सी से गले में फांसी का फंदा डालकर लटक गया। राम मोहन की 15 वर्षीय पुत्री शबनम बीती रात 3 बजे गांव में फूफा सुरेंद्र की बेटी उपासना के शादी समारोह से घर वापस जा रही थी।
जब उसने पिता का शव पेड़ से लटकते देखा तो वह बुरी तरह चीखने लगी। शोर-शराबा सुनकर परिजनों ने राममोहन के शव को पेड़ से उतारा। राम मोहन की मौत पर उसकी पत्नी नन्ही देवी आदि महिलाएं बुरी तरह बिलखती रही। राम मोहन खेती व मजदूरी करके परिवार का गुजारा करता था। उसके 5 पुत्रियां व 8 माह का पुत्र रुद्रांश है। परिवार के लाल सिंह ने पुलिस को घटना की सूचना दी। बताया गया कि राममोहन शराब पीने का आदी था उसका किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसी बात से गुस्साए राममोहन ने अपनी जान दे दी।












