फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज़) भारतीय जनता पार्टी द्वारा तय किए गए पैनल में फर्रुखाबाद नगर पालिका अध्यक्ष पद की टिकट के पैनल में मोहन अग्रवाल, शिवांग रस्तोगी एवं श्वेता दुबे का नाम बताया जा रहा है। समझा जाता है की मोहन अग्रवाल की पत्नी श्रीमती मुदिता अग्रवाल को टिकट मिलना तय है।
संकिसा नगर पंचायत
संकिसा नगर पंचायत के अध्यक्ष पद की टिकट के पैनल को तय करने में जबरदस्त विवाद हुआ। जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव ने अपनी मां की टिकट के लिए आवेदन किया है। सांसद मुकेश राजपूत का भतीजा राहुल राजपूत पत्नी को टिकट दिलवाना चाहते हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रभाव में तय किए गए पैनल में एक नंबर पर मोनिका यादव की मां का नाम एवं दूसरे नंबर पर राहुल राजपूत की पत्नी।
एवं तीसरे नंबर पर पूर्व प्रधान दीपक राजपूत की मां का नाम तय किया गया। जिसका जबरदस्त विरोध किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष की मां के नाम का यह कहकर विरोध किया गया कि वह अभी पार्टी में शामिल नहीं हुई है। इस पर उनका आवेदन खारिज कर दिया गया। राहुल राजपूत को बाहरी प्रत्याशी बताकर यह कहकर विरोध किया गया कि उन्होंने कभी क्षेत्रीय विधानसभा चुनाव में पार्टी की मदद नहीं की है।
राहुल राजपूत की अपेक्षा पार्टी के वरिष्ठ नेता शैलेंद्र वर्मा की पत्नी सरिता वर्मा का नाम सुझाया गया। लेकिन क्षेत्रीय विधायक ने सरिता वर्मा के नाम पर मुहर नहीं लगाई इसलिए उनको भी दरकिनार किया गया। काफी विवाद के बाद तय की गई सूची में एक नंबर पर राहुल राजपूत की पत्नी दूसरे नंबर पर पूर्व प्रधान दीपक राजपूत की मां एवं तीसरे नंबर पर पूर्व प्रधान राकेश वर्मा की पत्नी का नाम शामिल किया गया।
इस बात की जानकारी होने पर भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ताओं में जबरदस्त रोष व्याप्त हो गया। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने एलान कर दिया कि वह बाहरी प्रत्याशी को हर हालत में हराकर भेजेंगे। यह संदेश क्षेत्रीय विधायक को मध्य रात में ही दिया गया है।
टाउन एरिया कमालगंज
टाउन एरिया कमालगंज अध्यक्ष पद के लिए भाजपा की पूर्व चेयरमैन श्रीमती बीना कमल को वरीयता दी गई है।
टाउन एरिया शमशाबाद
टाउन एरिया शमशाबाद अध्यक्ष पद के लिए निवर्तमान चेयरमैन श्रीमती कृष्णा देवी गुप्ता का नाम तय किया गया है। मालूम हो श्रीमती कृष्णा देवी वरिष्ठ भाजपा नेता विजय गुप्ता की मां है।
टाउन एरिया नबावगंज
टाउन एरिया नबावगंज के अध्यक्ष पद के लिए सर्वेश शाक्य को जिताऊ माना गया। मालूम हो वरिष्ठ भाजपा नेता विश्वास गुप्ता ने भी टाउन एरिया नबावगंज के अध्यक्ष पद की टिकट के लिए आवेदन किया है। वरिष्ठ भाजपा नेता कहते रहे कि सामान्य सीट पर किसी सबर्ण को ही टिकट दिया जाएगा।
लेकिन यहां इस फैसले को दरकिनार किया गया। पिछड़ी जाति के सर्वेश शाक्य की टिकिट लगभग तय है।
टाउन एरिया खिमसेपुर
टाउन एरिया खिमसेपुर अध्यक्ष पद के लिए पुष्पराज सिंह का नाम पैनल में पहले नंबर पर बताया गया। जबकि कुलदीप दुबे दूसरे नंबर पर बताए गए हैं। पुष्पराज सिंह को विधायक का करीबी माना जाता है।
टाउन एरिया मोहम्मदाबाद
टाउन एरिया मोहम्मदाबाद अध्यक्ष पद के पैनल में राजेश बाथम को वरीयता दी गई है भाजपाई राजेश बाथम के नाम पर आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहने लगे हैं कि यह सपा प्रत्याशी को जिताने की साजिश है। इसमें काफी बड़ा खेल किया गया है।
नगर पालिका कायमगंज
नगर पालिका कायमगंज अध्यक्ष पद के पैनल में सुभाष गुप्ता, श्रीमती सरस्वती वर्मा पत्नी राजीव कुमार वर्मा एवं अशोक वर्मा का नाम बताया गया है। सुभाष गुप्ता को वरिष्ठ भाजपा नेत्री श्रीमती मिथलेश अग्रवाल का पसंद बताया गया है। जबकि अशोक वर्मा भाजपा सांसद के करीबी हैं।
कंपिल टाउन एरिया
कंपिल टाउन एरिया का पैनल तय करने के लिए काफी विवाद हुआ। विवाद के कारण तीन के बजाय 4 नाम तय किए गए। जिनमें निशांत गुप्ता, बबलू शुक्ला उर्फ सुबोध, विष्णु चतुर्वेदी एवं श्रीमती सहाना बेबी का नाम शामिल होने की चर्चा व्याप्त हो गई है। इस सामान सीट पर पिछड़े वर्ग के आवेदकों को दरकिनार किया गया।