विधायक सुशील शाक्य ने बयान पर खेद व्यक्त किया: बोले बाहरी व्यक्ति से नहीं लूंगा मदद

फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज) भाजपा विधायक सुशील शाक्य ने जाने अनजाने में सिंह समाज के लिए कही गई बात पर खेद व्यक्त किया है। श्री शाक्य ने आज सायं अपने आवास पर विवाद के संबंध में मीडिया के सामने सफाई दी। श्री शाक्य ने बताया कि महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती पर मैंने भाजपा कार्यालय में विचार व्यक्त किए थे। उसी दौरान सरनेम को लेकर सिंह शब्द की ऐतिहासिकता पर विचार व्यक्त किए थे।

गुरु गोविंद सिंह से पहले सिंह शब्द का प्रयोग नहीं होता था गुरु गोविंद ने मुगलों से निपटने के लिए खालसा सेना बनाई थी। तभी गुरु गोविंद सिंह ने पंथ मानने वालों से कहा था की शेर की तरह बनो और नाम में सिंह शब्द लगाओ। उसी समय से सिंह शब्द लगाने की परंपरा चली आ रही है। उन्होंने कहा कि मैंने भाषण में किसी जाति के लिए कोई अपमानजनक शब्द का प्रयोग नहीं किया।

भ्रमवश मेरी बात को गलत समझा गया है मेरा किसी जाति को अपमान करने का उद्देश्य नहीं था। यदि किसी को मेरे विचारों से ठेस पहुंची हो तो मैं क्षमा मांगता हूं मैं सर्वज्ञानी नहीं हूं। मालूम हो क्षत्रिय समाज आपत्तिजनक बयान को लेकर काफी गुस्से में है। करणी सेना के जिलाध्यक्ष कुंवर विनय प्रताप सिंह ने विधायक सुशील शाक्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाना कादरी गेट में शिकायती पत्र दिया है।

जिसमें कहा गया है कि भाजपा विधायक सुशील शाक्य ने 12 अप्रैल को सार्वजनिक कार्यक्रम में क्षत्रिय समाज को लेकर अमर्यादित शब्दों का प्रयोग कर क्षत्रियों के मान सम्मान का हनन किया है। जिसे क्षत्रिय समाज में रोष व्याप्त है। क्षत्रिय समाज की ओर से सोशल मीडिया पर भाजपा विधायक के विरुद्ध जबरदस्त अभियान चलाया गया है।

गैर भाजपाई के आवेदन पर आपत्ति

भाजपा विधायक सुशील शाक्य ने जिला पंचायत अध्यक्ष के द्वारा संकिसा नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए मां के लिए टिकट मांगे जाने के सवाल के जवाब में बताया कि मैंने इस आवेदन पर असहमति जाहिर की थी। जिला पंचायत अध्यक्ष की पार्टी के बारे में पूछे जाने पर श्री शाक्य ने बताया की यह बात जिला पंचायत अध्यक्ष से फूछी जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने सपा प्रत्याशी को हराने के लिए मोनिका यादव को पार्टी का समर्थन दिया है। श्री शाक्य से पूछा गया कि वह नवाबगंज टाउन एरिया में भाजपा प्रत्याशी को जिताने के सहयोग के लिए पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह यादव से बात करेंगे। श्री शाक्य ने बताया कि नरेंद्र सिंह यादव भारतीय जनता पार्टी में नहीं है। उनसे बात करने का कोई मतलब नहीं है। वार्ता के दौरान भाजपा के मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!