फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज़) प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता उर्फ नंदी के देर रात आने से व्यापारियों को काफी परेशानी हुई। मंत्री के इंतजार में अनेकों व्यापारी काफी इंतजार करने के बाद चले गए। आचार संहिता का उल्लंघन होने के कारण मंत्री जनसभा को संबोधित नहीं कर सके। मंत्री नंदी कार द्वारा रात करीब 11.30 बजे लोहाई रोड स्थित समाजसेवी एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता मोहन अग्रवाल के आवास पहुंचे।
जबकि उनके आने का समय शाम 7 बजे का थ करीब 8 बजे ही सैकड़ों व्यापारी एकत्र हो गए थे नगर के प्रभावशाली व्यापारियों को बुलाया गया था। मंत्री नंदी गुप्ता ने भाजपा प्रत्याशी श्रीमती सुषमा गुप्ता जी के समर्थन में आयोजित व्यापारी सभा में शहर के गणमान्य व्यापारियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उन्होंने शहर के व्यापारियों से भाजपा प्रत्याशी को मत देने की अपील की। 10 बजे चुनाव प्रचार समाप्त होता है आचार संहिता को देखते हुए उन्होंने सभा को संबोधित नहीं किया।
भाजपा के मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी ने बताया कि मीडिया को संबोधित करते हुए औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कहा प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सुशासन और विकास की सरकार है। 2023 प्रदेश में हो रहे निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी विकास और सुशासन के मुद्दे पर चुनाव लड़ रही है प्रदेश की बेहतर कानून व्यवस्था व्यापारियों को सुरक्षित माहौल और प्रदेश का सर्वांगीण विकास सिर्फ भारतीय जनता पार्टी की सरकार में ही सुनिश्चित है।
प्रदेश की जनता को सिर्फ भाजपा में ही विकास और सुशासन दिखाई देता है। अन्य राजनीतिक दल जाति मजहब के आधार पर प्रदेश को बांटते आए जिसके कारण प्रदेश का विकास संभव नहीं हो सका। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लोक कल्याण के कार्य एवं मुख्यमंत्री आदित्यनाथ के नेतृत्व में सुशासन और विकास की बह रही अविरल धारा में प्रदेश दिन प्रतिदिन नई ऊंचाइयों पर पहुंच रहा है।
गुंडों माफियाओं और अराजक तत्वों का प्रदेश में कोई स्थान नहीं है उत्तर प्रदेश की पहचान जोकि माफियाओं गुंडों और अराजक तत्वों की शरण स्थली हुआ करती थी। वर्तमान में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सुशासन और विकास के रास्ते पर अग्रसर है चुस्त-दुरुस्त कानून व्यवस्था एवं विकास अब उत्तर प्रदेश की पहचान हो गई है। उन्होंने कहा फर्रुखाबाद से उनका विशेष लगाओ वह जब-जब फर्रुखाबाद पहुंचते हैं तो पुराने संबंध और मजबूत होते हैं।
फर्रुखाबाद में भाजपा ने जिला अध्यक्ष रूपेश गुप्ता की माता सुषमा गुप्ता को प्रत्याशी घोषित किया है व्यापारियों से अपील है सुरक्षित और बेहतर माहौल के लिए भाजपा प्रत्याशी को जिता कर ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने में सहयोग करें। जनपद की सात नगर पंचायत और दो नगर पालिकाओं में भारतीय जनता पार्टी के घोषित प्रत्याशियों को भी उन्होंने जिताने की अपील की।
इस दौरान सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी वरिष्ठ व्यापारी ओमप्रकाश गुप्ता रजनीकांत गुप्ता पूर्व सभासद अनुपम रस्तोगी भाजपा नेता विश्वास गुप्ता पूर्व राष्ट्रीय परिषद की सदस्य डॉ रजनी सरीन कोल्ड स्टोरेज मालिक मनोज उर्फ पप्पू रस्तोगी बॉबी गुप्ता भाजपा मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी भाजपा जिला महामंत्री हिमांशु गुप्ता भाजपा जिला कोषाध्यक्ष संजीव गुप्ता सर्वेश अग्रवाल संजय उर्फ संजू रस्तोगी एवं बड़ी संख्या में व्यापारी एवं कार्यकर्ता गण मौजूद रहे।
मंत्री श्री गुप्ता रात में व्यापारी मोहन अग्रवाल के आवास पर ही रुके। चर्चा है कि सूबे के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में नगर में रोड शो करेंगे।