फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज़) संकिसा के बुद्ध विहार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पूर्व काबीना मंत्री एवं सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने धर्म गुरु बौद्ध भिक्षुओं को भोजन दान किया। इसी दौरान श्री मौर्य के द्वारा जाने अनजाने में धर्मगुरुओं की घोर उपेक्षा की गई। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य दोपहर करीब 11.30 बजे सत्यभान शाक्य उर्फ सत्ते के साथ संस्था स्थित महा समता बुद्ध विहार एवं पुस्तकालय पहुंचे।
बुद्ध विहार में बौद्ध एकता समिति गंजडुडबारा के द्वारा भोजन दान की व्यवस्था की गई थी। श्री मौर्य, सत्यभान शाक्य कुलदीप शाक्य अलकेश शाक्य आदि ने बौद्ध भिक्षुओं को भोजन दान किया। इसी दौरान बौद्ध भिक्षुओं को मुद्राएं भेंट की गई। सपा के जिला अध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव महासचिव इलियास मंसूरी सपा नेता सुरेंद्र सिंह गौर एमपी सिंह कार्यक्रम में पहुंचे, श्री मौर्य ने सपा नेताओं को मंच पर बुलाया।
श्री मौर्य ने संबोधन के दौरान पुनः सनातन धर्म की आलोचना की। श्री मौर्य ने कहा बच्चे की पैदाइश उसकी मां से होती है सनातन सौतेली है यही वैज्ञानिक भी है। उन्होंने कहा कि डॉ अंबेडकर की बुद्धिमानी को लोग पचा नहीं पा रहे हैं। मैंने पहले भी कहा था हिंदू धर्म नाम की कोई चीज नहीं है तब देश में भूचाल आ गया था। यही बात संघ प्रमुख एवं केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी कही है।
उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म नहीं जीने की कला है मैं कड़वा सच बोलता हूं। श्री मौर्य करीब 3 बजे चले गए। श्री मौर्य प्राइवेट अंगरक्षकों की कड़ी सुरक्षा में आए थे। अंगरक्षक हर समय श्री मौर्य को घेर रहे उन्होंने किसी भी व्यक्ति को पास नहीं फटकने दिया।लोकसभा क्षेत्र प्रभारी सपा नेता डॉक्टर नवल किशोर शाक्य सुबह करीब 10 बजे बुद्ध विहार पहुंचे और एक घंटे तक रुके रहे।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य को मंच पर बैठाया गया जबकि बौद्ध भिक्षुओं को मंच के सामने नीचे बैठाया गया। यह नजारा देखकर बौद्ध अनुयायियों का मन दुखी हो गया। उनका कहना है कि स्वामी प्रसाद मौर्य को भी ध्यान देना चाहिए था कि उनके नीचे धर्मगुरु बैठे हैं। आयोजक को भी भिक्षुओं को वहां नहीं बिठाना चाहिए था। बौद्ध भिक्षुओं का यदि सम्मान न किया जाए तो उनको अपमानित भी महसूस नहीं करना चाहिए।
बुद्ध विहार प्रमुख भंते चेतसिक बोधि ने एफबीडी न्यूज़ को बताया कि पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य, सत्यभान शाक्य कुलदीप शाक्य अलकेश शाक्य आदि के द्वारा 150 भिक्षुओं को भोजन दान कराया गया उनको 100-100 मुद्राएं भी भेंट की गई। उन्होंने बताया कि मैने डॉ नवल किशोर शाक्य को आमंत्रित किया था। वह लखनऊ से कायमगंज अस्पताल जाते समय एक घंटा बुद्ध विहार रुके थे।
बौद्ध महोत्सव में आएंगे स्वामी प्रसाद मौर्य
पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने आज 27 अक्टूबर को संकिसा में आयोजित बौद्ध महोत्सव के कार्यक्रम में आने की सहमति दे दी। आज राही पर्यटक आवास में बुद्ध महोत्सव के आयोजन समिति की बैठक हुई। इसी बैठक में स्वामी प्रसाद मौर्य को बुलाया गया। इसी दौरान श्री मौर्य ने 27 अक्टूबर को महोत्सव के कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में आने के लिए सहमति दे दी।
बैठक में महोत्सव के संयोजक कर्मवीर शाक्य सहसंयोजक नागेंद्र शाक्य देवेश शाक्य उर्फ बिल्लू रघुवीर शाक्य सरदार सिंह शाक्य रामौतार शाक्य डॉ देवेश शाक्य आदि लोग मौजूद रहे। बैठक में महोत्सव को धूमधाम से मनाए जाने की रणनीति बनाई गई।