फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज) नगर मजिस्ट्रेट दीपाली भार्गव के द्वारा लिंजीगंज बाजार में छापा मारे जाने से व्यापारियों में हड़कंप मच गया। नगर मजिस्ट्रेट दोपहर बाद नगर पालिका के अधिषासी अधिकारी रवेद्र कुमार के साथ लिंजीगंज बाजार पहुंची। नगर मजिस्ट्रेट ने नारायन गुप्ता की गोदाम की व्यापक जांच पड़ताल की। गोदाम से 5.78 कुंटल थर्माकोल की थाली गलास कटोरी चम्मच आदि सामग्री जप्त की गई।
जप्त किया गया सामान ईओ को सौंपा गया जिसको ट्रैक्टर ट्राली में भरकर नगरपालिका ले जाया गया। लिंजीगंज व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष कमलेश गुप्ता ने नगर मजिस्ट्रेट से भेटकर जानकारी ली। बताया गया है कि नगर मजिस्ट्रेट की पकड़ में छोटी मछली आई है। जानकारी के अभाव में बड़े व्यापारी बच जाने से काफी खुश नजर आए। सामान की कीमत से कई गुना अधिक नारायन गुप्ता पर जुर्माना किया जाएगा।
नगर मजिस्ट्रेट ने आज सुबह तिकोना पुलिस चौकी से बजरिया पुलिस चौकी तक की दुकानों एवं मकानों में लाल निशान लगवाए। बजरिया चौकी से ट्रांसफार्मर तक 9.40 मीटर एवं ट्रांसफार्मर से बजरिया पुलिस चौकी तक 12.40 मीटर दूरी तक लाल निशान लगाए गए। 16 मीटर के स्थान पर 12 .40 मीटर एवं 13 मीटर के स्थान पर 9.40 मीटर पर निशान लगाए जाने से व्यापारियों ने काफी राहत महसूस की।
सिटी मजिस्ट्रेट ने बीती शाम व्यापारियों के साथ बैठक कर आपसी सहमत से सड़क की चौड़ाई निर्धारित की थी।