स्कूल में दीपावाली की धूम: सरसों का तेल सीज
फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज़) फर्रुखाबाद: सीपी इंटरनेशनल स्कूल में ग्रांड पेरेंट डे और दीपावली महोत्सव का आयोजन भव्यता के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की उपनिदेशिका श्रीमती अंजू राजे और प्रधानाचार्य संजय बिष्ट ने दीप प्रज्वलित करके किया। कार्यक्रम में बच्चों के दादा-दादी और नाना-नानी के लिए विभिन्न क्रीड़ा प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिसमें उन्होंने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिन अभिभावकों ने प्रतियोगिता में विजय प्राप्त की, उन्हें पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर निर्देशिका डॉ. मिथिलेश अग्रवाल ने छात्रों के विकास के लिए शिक्षक-अभिभावक समन्वय को महत्वपूर्ण बताया।
उपनिदेशिका श्रीमती अंजू राजे ने कहा कि ग्रांड पेरेंट डे हमें दादी-नानी की कहानियों की याद दिलाता है, जो जीवन में मार्गदर्शक का काम करती हैं। प्रधानाचार्य संजय बिष्ट ने कहा कि जो बच्चे अपने घर के बुजुर्गों के साथ पर्याप्त समय बिताते हैं वे जीवन में अपने पथ से नहीं भटकते हैं। उन्होंने सभी अभिभावकों, छात्रों एवं शिक्षकों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। हेडमिस्ट्रेस संदीपा कुमार ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।
महोत्सव में भारती मिश्रा, रंजना अग्निहोत्री, स्वप्निल निगम, दीप अग्रवाल, ज्योति प्रधान, कविता त्रिपाठी और संगीता सारस्वत के मार्गदर्शन में छात्राओं ने रंगोली सजाई, जो आकर्षण का केंद्र रही। दीपावली अवकाश की पूर्व संध्या पर आवासीय छात्रों ने विद्यालय में दीपावली महोत्सव भी मनाया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य श्री संजय बिष्ट और हेडमिस्ट्रेस संदीपा कुमार ने प्रथम दीप प्रज्वलन के साथ किया। इसके बाद छात्रों ने आवासीय परिसर को दीपकों से सुसज्जित किया, जिससे पूरे वातावरण में दिव्यता फैल गई। कार्यक्रम का संचालन अनुष्का एवं प्रीति दीक्षित ने किया, जबकि कार्यक्रम के प्रबंधन का कार्यभार रश्मि तिवारी ने संभाला। इस अवसर पर कंचन, नम्रता, और आकाश सहित सभी शिक्षकों का योगदान सराहनीय रहा, जिन्होंने महोत्सव को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
हजारों लीटर सरसों का तेल सीज
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी, अक्षय प्रधान की टीम ने शहर के मोहल्ला लिजीगंज स्थित खाद्य तेल व्यवसायी फर्म श्रुति ट्रेडर्स एवं मोहित कुमार गणेश प्रसाद के प्रतिष्ठान पर छापा मारा। जांच पड़ताल के बाद प्रतिष्ठानों से मिलावट की आशंका में सरसों के तेल का एक -एक नमूना लिया गया। लगभग 1500 लीटर सरसों का तेल सीज किया गया जिसकी कीमत लगभग 2.5 लाख रुपए है। कार्यवाही के दौरान नायब तहसीलदार सनी कनौजिया पुलिस बल के उपस्थित रहे। मोहल्ला आवास विकास स्थित एक बडे मिठाई कारोबारी के प्रतिष्ठान से खोया की बर्फी का एक नमूना वास्ते जांच संग्रहित किया गया।