माफिया ने गिराया 100 से 150 ₹ आलू का भाव

फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज़) सातनपुर मंडी के आलू माफियाओं ने प्रशासन के आदेश की धज्जियां उड़ाकर 100 से 150 रुपए का भाव गिरकर आलू की मनमाने ढंग से खरीदारी की। आज मंडी में सुबह 7 बजे की बजाय व्यापारियों ने आढ़तियों एवं किसानों को घुटने पर लाकर करीब 10 बजे आलू की मनमाने रेट पर खरीदारी की। व्यापारियों के दबाव में आढ़तियों एवं किसानों ने काफी सस्ते भाव में आलू बेच दिया। आज आलू का भाव 1001 से 1251 रुपए कुंतल रहा। जबकि बीते दिन 1201 रुपए से 1361 रुपए में आलू बिका था।

आलू का भाव गिरने के बावजूद व्यापारी एक कुंटल पर मिट्टी के नाम पर 6 किलो आलू मुफ्त में लेंगे। इस हिसाब से किसानों को एक कुंटल पर करीब 70-75 रूपयों का और नुकसान झेलना पड़ेगा। बताया गया है की मंडी में अजय गुप्ता एचटीसी, सुरेंद्र पाल एलएल, पुरुषोत्तम वर्मा खुशी ट्रेडर्स, राजू गुप्ता यूआर, सुनील दुबे एसके, सुभाष कटियार एसके ट्रेडर्स फर्म के नाम से आलू के प्रमुख खरीददार है।

मंडी में सुबह करीब 3 घंटे तक आलू की खरीदारी नहीं हुई इसके बावजूद मंडी सचिव एवं मंडी सभापति नगर मजिस्ट्रेट किसानों की समस्या को निपटाने के लिए मंडी नहीं पहुंचे। कहने को योगी सरकार में माफियाओं को घुटने पर लाकर अथवा मिट्टी में मिलाने का काम किया जा रहा है। लेकिन एशिया की सबसे बड़ी आलू मंडी में माफियाओं का एक छत्र राज्य है। जिले का कोई भी जनप्रतिनिधि एवं भाजपा नेता किसानों के साथ नहीं है। समाजवादी पार्टी के नेताओं ने किसानों की समस्याओं से काफी दूरी बना ली है। भारती किसान यूनियन वाले किसानों का साथ देने के लिए जबरदस्त ढंग से सक्रिय है।