फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज़) भाजपा विधायक सुशील शाक्य ने आज यहां सजतीय लोगों को सुधर जाने की चेतावनी देते हुए कहा कि भगवान बुद्ध को और सम्मान देने के लिए समाज को आगे बढ़ने पर ताकत लगाओ। विधायक श्री शाक्य नगर क्षेत्र के ग्राम अजमतपुर स्थित सिद्धार्थ पब्लिक स्कूल में भगवान बुद्ध एवं स्वर्गीय मुंशीलाल शाक्य की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद मुख्य अतिथि के रूप में विचार व्यक्त कर रहे थे। श्री शाक्य ने महान कार्य के लिए शिक्षक मुकेश शाक्य को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने अपना संकल्प पूरा कर दिया है।
अक्सर ग्राम अजमतपुर निवासी मुंशीलाल शाक्य व दिलेराम शाक्य मेरे घर पर पिताजी (दयाराम शाक्य) से मिलने आते थे। उन्होंने भगवान बुद्ध के पंचशीलों का पालन कर विपश्यना करने की सलाह देते हुए कहा कि हमारे शरीर के अंदर भगवान बुद्ध के अंश है। श्री शाक्य ने सलाह दी कि केवल भगवान बुद्ध की बात करने से समाज आगे नहीं बढ़ेगा। जब समाज के लोग शिक्षित होकर उद्योग लगाकर व्यवसाय करेंगे तभी समाज आगे बढ़ेगा। आर्थिक युग में उसी की इज्जत है जिसके पास चार पैसे हैं।
तभी धनवान व्यक्ति का आदर किया जाता है। चीवर पहनने से कोई भिक्षु महान नहीं होता है। विधायक ने भिक्षुओं की कार्य शैली पर सवालिया निशान लगाते हुए कहा कि उन्हें देखकर कष्ट होता है कि उनकी ऐसी वाणी होनी चाहिए की सुनने वाला व्यक्ति तुरंत ही प्रभावित हो जाए। समाज की दुर्दशा पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि हमारे समाज के अलावा अन्य सभी समाजों के अधिकांश विद्यालय हैं। हम चाहते हैं कि लोगों की आर्थिक स्थिति में सुधार होकर उच्च पदों पर आसीन हो। लेकिन मनोबल बढ़ाने के लिए सिपाही दीवान दरोगा लेखपाल होना जरूरी है।
आज के युग में योग्यता वाला युवक ही नौकरी पा सकता है। समाज में व्याप्त कुर्तियों की आलोचना करते हुए कहा की तेहरवीं भोज बंद होना चाहिए। श्री शाक्य ने रहस्योघाटन किया कि प्रदेश के सचिवालय में शाक्य समाज का एक ही व्यक्ति कर्मचारी है जबकि मौर्य समाज के कर्मचारियों की संख्या काफी है। समाज के लोगों के आगे बढ़ने पर ही भगवान बुद्ध का सम्मान बढ़ेगा। उन्होंने छोटे समाज को गले लगाने की नसीहत देते हुए कहा कि मैं समाज के लोगों की मदद करने के लिए हर समय तैयार रहता हूं।
तथागत संभ्रान्त नागरिक संगठन के कार्यवाहक अध्यक्ष शिवकुमार शाक्य ने मुंशीलाल शाक्य के साथ काम करने का अवसर मिलने की जानकारी देते हुए भगवान बुद्ध की दया हो, सम्राट अशोक महान जिंदाबाद एवं मुंशीलाल शाक्य अमर रहे के नारे लगवाए। उन्होंने लोगों को ध्यान दिलाया कि हम लोग सम्राट अशोक महान के वंशज हैं। शिक्षक मुकेश शाक्य ने बताया कि मैंने भगवान बुद्ध एवं पिता (मुंशीलाल शाक्य) की मूर्ति लगवाई है।
उन्होंने भगवान बुद्ध के अलावा समाज की ज्योतिबा बाई फुले आदि महापुरुषों के बारे में व्यापक जानकारी देते हुए बताया की पंचवर्षीय योजना के तहत इसी स्कूल परिसर में अन्य महापुरुषों की मूर्तियां लगवाऊंगा। मेरे दोनों बेटे भी यही चाहते हैं हम रहे या न रहे लेकिन मूर्तियां अवश्य लगवाई जाएगी। इससे पूर्व महेंद्र सिंह शाक्य, आरडी राजपूत, प्रज्ञानंद शाक्य, राम प्रकाश शाक्य, भंते मिलिद्र रत्न, भंते नागसेन एवं भदंत सील सागर महाथैरो आदि ने विचार व्यक्त किये।
कार्यक्रम का संचालन धर्मपाल शाक्य ने किया। कार्यक्रम के दौरान भिक्षुओं को चीवर भेंट किए गए। आगंतुकों को भोजन दान किया गया। कार्यक्रम में धम्म कीर्ति, विधायक के निजी सचिव रोहित कुशवाहा, महावीर शाक्य, राधेश्याम शाक्य, फकीरे लाल शाक्य, गिरजा शंकर शाक्य, अवधेश सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह शाक्य, जयपाल शाक्य शिक्षक प्यारेलाल शाक्य, डॉ सुरेंद्र शाक्य आनंद भान शाक्य आदि लोग मौजूद रहे।