फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज़) मिट्टी का टीला ढहने से किशोरी नन्ही की मौत हो जाने से परिवार में मातम छा गया। थाना कमालगंज के ग्राम तलैया नगला निवासी रामसनेही जाटव की 14 वर्षीय पुत्री नन्ही उर्फ निरमिता गांव की 12 वर्षीय गोल्डी के साथ मिट्टी खोदने गई थी। दोनों लड़कियां दोपहर को पड़ोसी गांव सदरियापुर के बाहर टीले के अंदर मिट्टी खोद रही थी। उसी समय टीला ढह जाने से दोनों लड़कियां दब गई।
चीख पुकार मचने पर खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने फावड़े से मिट्टी निकालकर लड़कियों को बाहर निकाला। 108 एंबुलेंस से लड़कियों को सीएचसी कमालगंज ले जाया गया। डॉक्टर विकास पटेल ने नन्ही को मृत घोषित कर दिया। गंभीर अवस्था में गोल्डी को लोहिया अस्पताल के लिए रेफर किया गया। सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय ने अस्पताल जाकर मामले की जानकारी की। खुदागंज चौकी इंचार्ज शिव कुमार ने नन्ही के शव का पंचनामा भरा। नन्ही की मौत पर उसकी मां श्रीमती मंजू देवी बुरी तरह बिलखती रही। नन्ही चार बहिनों में दूसरे नंबर की थी उसका एक भाई है।