फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज़) हादसे में घायल दीवान अरुण कुमार पांडे की मौत हो जाने पर पुलिस महकमें में मातम छा गया। 55 वर्षीय अरुण कुमार जनपद एटा थाना राजा का रामपुर ग्राम बिल्सड के मूल निवासी थे। वह कोतवाली फतेहगढ़ की दुर्गा कॉलोनी में भी रहते थे। उनकी जनपद मथुरा के किशोर न्यायालय में कोर्ट मोहर्रिर पद पर तैनाती थी। दीवान अरुण कुमार पांडे रुदायन रेलवे स्टेशन पर बाइक को खड़ा करके रोजाना ट्रेन से मथुरा जाते थे।
बीते दिनों रुदायन स्टेशन से उतरने के बाद बाइक से घर जा रहे थे। रास्ते में किसी वाहन की टक्कर लग जाने पर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायल दीवान ने फोन करके बेटे आयुष को बुलाया था। आयुष ने घायल पिता को फर्रुखाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। अधिक शुगर होने के कारण इलाज में कोई फायदा नहीं हो पा रहा था। परिजन दीवान अरुण कुमार को लेकर कानपुर जा रहे थे रास्ते में उनकी मौत हो गई। उनके शव को आज दोपहर के समय थाना कम्पिल ले जाया गया। दरोगा उदयवीर ने शव का पोस्टमार्टम करवाया है। डाक्टर अमरीश कुमार ने दीवान का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम में दीवान की मौत लीवर के फटने से प्रतीत हुई है।