फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज़) प्रधानी चुनाव की पुर्नमतगणना में साइकिल के पंचर हो जाने के कारण कमल का फूल खिल गया। ब्लॉक कमालगंज की ग्राम पंचायत रुनी चुरसई के चुनाव में महावीर सिंह राजपूत 2 वोटो से चुनाव जीत गए थे उन्हें 484 वोट मिले थे। जबकि अशोक कुमार राजपूत की पत्नी श्रीमती प्रतिभा देवी को 482 मिले थे। जब प्रतिभा देवी को पता चला कि उन्हें दो वोटो से चुनाव हरवाया गया तो उन्होंने पुर्न मतगणना के लिए एसडीएम न्यायालय में मुकदमा दायर किया था। 
अदालत के फैसले पर आज ब्लॉक कमालगंज में वोटो की पुनः गिनती हुई। जिसमें महावीर सिंह राजपूत को 482 तथा श्रीमती प्रतिभा देवी राजपूत को 484 वोट मिले। चुनाव परिणाम को देखते ही प्रतिभा देवी के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। जबकि महावीर सिंह के करीबी लोगों में मायूसी छा गई। बताया गया है कि महावीर सिंह राजपूत सपा समर्थक हैं जबकि प्रतिभा देवी के पति अशोक कुमार को भाजपा समर्थक माना जाता है। इस चुनाव में किसान यूनियन के नेता अरविंद राजपूत चुनाव जीत जाने के बावजूद हार गए थे।
उन्हें चुनाव में 434 वोट मिले थे करीबी कुंज बिहारी, अरविंद राजपूत को चुनाव हराने के लिए मैदान में आ गए थे। कुंज बिहारी को मात्र 111 वोट मिले थे यदि कुंज बिहारी चुनाव न लड़ते तो अरविंद राजपूत को 545 वोट मिलते, आज वह प्रधान होते। 2 वोटो से पत्नी के प्रधान बन जाने की खुशी में अशोक कुमार राजपूत व उनके समर्थकों ने मिठाई बांटकर जश्न मनाया।

