फर्रुखाबाद।(एफबीडी न्यूज़) पुलिस की मुठभेड़ में एक लाख का इनामी दुष्कर्मी अपराधी मनु मारा गया। पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह ने मीडिया को बताया 8 वर्षीय बालिका के साथ रेप कर हत्या करने वाले आरोपी मनु पर इनाम घोषित किया गया था। मनु बीती रात पुलिस मुठभेड़ के दौरान जवाबी फायरिंग में घायल हो गया। इलाज के दौरान डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसपी ने बताया की मनु साइको प्रवृत्ति का था वह छोटे बच्चों को अपनी हवस का शिकार बनाता था उसके ऊपर बच्चों के अपहरण एवं फिरौती के लिए अपहरण के मुकदमे दर्ज हैं। 
बताया गया कि थाना मेरापुर के ग्राम पखना निवासी 55 वर्षीय मनु पुत्र लटूरी कोतवाली मोहम्मदाबाद के मुकदमे का वांछित फरार आरोपी था। जिस पर बालिका का अपहरण व दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या करने का आरोप है। 
मालूम हो कि कोतवाली कायमगंज क्षेत्र की 8 वर्षीय बालिका कोतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्र में अपनी बुआ के घर गई थी। बालिका बुआ की पौत्री के साथ सुबह करीब 10.30 बजे आम बीनने गई थी उसी समय साइकिल से कबाड़ बीनने वाला अधेड़ मनु बड़े आम दिलवाने के बहाने बालिका को अपने साथ ले गया। सीसीटीवी कैमरे में अधेड़ बालिका के आगे साइकिल से जाते समय कैद हो गया। बालिका का शव पड़ोसी जिला मैनपुरी कोतवाली भोगांव के ग्राम देवीपुर के खेत में मिला था।
बताया गया कि मनु ने वर्ष 2017 में ग्राम खिमसेपुर की एक बालिका का अपहरण किया था पुलिस ने इसी मामले में उसे जेल भेजा था वह 6 माह पूर्व ही जेल से छूटा है। काफी प्रयास करने के बाद पुलिस मनु को गिरफ्तार नहीं कर सकी उसके बारे में पुलिस को कोई ठोस सुराग भी नहीं मिला। हताश होकर पुलिस ने मनु की गिरफ्तारी पर 25 हजार 50 हजार के बाद एक लाख का इनाम घोषित किया था। मनु के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने पर पुलिस विभाग ने चैन की सांस ली है।












