सपा से निकाली गई विधायक पूजा पाल: पीडीए की पोल खुली

फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करने वाली विधायक पूजा पाल को समाजवादी पार्टी से निकाल दिया गया है। विधायक पूजा पाल को जारी किए गए निष्काषन पत्र में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि आपके द्वारा पार्टी विरोधी गतिविधियों की गई हैं तथा आपको सचेत करने के उपरान्त भी उक्त गतिविधियों आपके द्वारा बन्द नहीं की गई। जिसके कारण पार्टी को काफी नुकसान हुआ। आपके द्वारा किया गया कार्य पार्टी विरोधी एवं गम्भीर अनुशासनहीनता है।

अतः आपको समाजवादी पार्टी से तत्काल प्रभाव से निष्काषित किया जाता है। साथ ही आपको समाजवादी पार्टी के सभी अन्य पदों से भी हटाया जाता है। अब आप समाजवादी पार्टी के किसी भी कार्यक्रम मीटिंग आदि में भाग नहीं लेगी और न ही आपको इसके लिए आमन्त्रित किया जायेगा। विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करना सपा विधायक पूजा पाल को भारी पड़ा है। पूजा पाल ने विकसित उप्र के विजन 2047 पर चर्चा के दौरान कहा था कि आज पूरा प्रदेश मुख्यमंत्री की ओर भरोसे से देखता है।

मेरे पति (पूर्व विधायक राजू पाल) के हत्यारे अतीक अहमद को मुख्यमंत्री ने मिट्टी में मिलाने का काम किया। मैंने तब आवाज उठाई जब मैंने देखा कि कोई भी अतीक अहमद जैसे अपराधियों के खिलाफ लड़ना नहीं चाहता। जब मैं इस लड़ाई से थकने लगी, तब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुझे न्याय दिलाया। पूजा के इसी बयान के बाद आज सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया। इससे पहले समाजवादी पार्टी ने विधायक राकेश प्रताप सिंह, मनोज कुमार पाण्डेय और अभय सिंह को भी पिछले दिनों बाहर कर दिया था।

विधानमंडल के मानसून सत्र के दौरान विधान सभा में समाजवादी पार्टी (सपा) की विधायक पूजा पाल ने योगी आदित्यनाथ सरकार की कानून-व्यवस्था और जीरो टॉलरेंस नीति की प्रशंसा की थी। सपा विधायक पूजा पाल ने ‘विजन डॉक्यूमेंट 2047’ पर चर्चा के दौरान कहा था कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके पति की हत्या के मामले में न्याय दिलाया और माफिया जैसे अपराधियों को सजा दी। पूजा पाल कौशांबी के चायल से विधायक हैं। सही बात कहे जाने पर सपा से निकल गई विधायक पूजा पाल के मामले की जानकारी होते ही पाल समाज के अलावा पिछड़े वर्ग के लोगों में सपा मुखिया के प्रति जबरदस्त रोष व्याप्त हो गया है। जिनका कहना है कि सपा मुखिया के मिशन पीडीए की असलियत उजागर हो गई है।

error: Content is protected !!