फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज़) भाजपा के ही कार्यक्रम में पार्टी के स्वदेशी सामान खरीदने के अभियान की पोल खुल गई। क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आनंद सिंह ने आज दोपहर बाद टोरंटो हॉस्पिटल में मीडिया को जीएसटी के सरलीकरण अभियान के बारे में जानकारी दी। श्री सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी एवं वित्त मंत्री के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने जीएसटी में व्यापक सुधार करके जन सामान्य को राहत प्रदान की है। इससे पहले सरकार ने 12 लाख की आय पर आयकर की छूट प्रदान की थी।
शिक्षा एवं चिकित्सा पर जीरो टैक्स के साथ ही छात्रों एवं किसानों के टैक्स में काफी काफी कटौती की है। उन्होंने बताया कि जीएसटी सुधार के प्रचार के लिए पार्टी के पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों को लगाया गया है जो जीएसटी के प्रचार के दौरान स्वदेशी सामान खरीदने का प्रचार करेंगे। शक्ति केंद्रों पर सामान के बिक्री मूल्यों की होर्डिंग लगाकर लोगों को दाम घटने की जानकारी दी जाएगी। व्यापारियों के द्वारा पुराने माल पर जीएसटी की वसूली किए जाने के एफबीडी न्यूज़ के सवाल के जवाब में श्री सिंह ने बताया कि व्यापारियों को पुरानी बिलिंग पर जीएसटी की छूट दिए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
जीएसटी अधिकारी निरंतर इस बात का प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही सभी प्रतिष्ठानों पर जीएसटी से मिलने वाली राहत की सूची लगाई जाएगी। उन्होंने सपा नेता अखिलेश यादव के द्वारा किए गए जा रहे प्रचार को भ्रामक बताते हुए कहा कि वह अब छिछले स्तर पर आ गए हैं भय ग्रस्त होने के कारण अब 2047 तक उनका रास्ता कठिन हो गया है। वार्ता के बाद मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी के द्वारा पत्रकारों को थम्स अप पिलाया गया।
तभी एफबीडी न्यूज़ के द्वारा स्वदेशी के प्रचार के दौरान विदेशी ठंडा पिलाये जाने पर सवालिया निशान लगाया। भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि यह ठीक नहीं है। विवाद से बचने के लिए क्षेत्रीय उपाध्यक्ष ने ठंडा पीने से साफ बना कर दिया। वार्ता के दौरान भाजपा नेता एवं रेडियंटो हॉस्पिटल के मालिक जितेंद्र सिंह मौजूद रहे। प्रेस वार्ता के बाद इसी हॉस्पिटल में दीनदयाल उपाध्याय की जन्म जयंती पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आनंद सिंह, जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा आदि ने विचार व्यक्त किये। गोष्ठी में भाजपा नेता राजकुमार वर्मा, सरदार तोषित प्रीत सिंह, आदेश गुप्ता, डॉक्टर धर्मेंद्र राजपूत, हिमांशु गुप्ता आदि लोग मौजूद रहे।