पुलिस की चार टीमें लगी: आढ़ती की लूट में

फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज़) आढ़ती सुमन दुबे की लूट का खुलासा करने के लिए पुलिस की चार टीमें लगाई गई है। काशीराम कॉलोनी 47/744 निवासी सुमन प्रकाश दुबे के साथ बीती शाम 6.45 बजे लूट की घटना हुई थी। जिसकी रिपोर्ट आज शाम करीब 6 बजे दर्ज की गई। मुकदमे की जांच थाना अध्यक्ष अजब सिंह के द्वारा की जा रही है। सुमन प्रकाश दुबे ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि वह बीती शाम कर्बला स्थित दुकान से घर जा रहे थे करीब 6.45 बजे शनि देव मन्दिर के पास पीछे से आ रहे मोटर साईकिल सवार तीन युवकों ने मुझको टक्कर मारकर गिरा दिया। मेरे ऊपर तमंचा तान दिया और मेरे पास झोले में रखे करीब एक लाख छीन लिये।

सुमन की कर्बला रोड बाजार में गेहूं की आढ़त है। घटना के बाद सुमन ने मीडिया को बताया कि वह बीती शाम करीब 5.30 बजे दुकान से रुपए लेकर साइकिल द्वारा डॉक्टर हरिदत्त द्विवेदी के अस्पताल गया था। रूपयों का बैग कमर पर लटक रहा था। अस्पताल में बेटी को देखने के बाद अकेला साइकिल से घर जा रहा था। तभी बाइक सवार लोगों ने जमीन पर गिराकर कनपटी पर तमंचा लगा दिया। लुटेरों के कहने पर मैंने बाग से रुपए निकाल कर उन्हें दे दिए बैग में करीब 500 रुपये बचे। अधेड़ आढ़ती सुमन पुलिस को लुटेरों के हलिया के बारे में कोई जानकारी नहीं दे सका। घटना के बाद से ही थानाध्यक्ष व पुलिस लुटेरों की तलाश में सक्रिय हो गई।

अपर पुलिस अधीक्षक अरुण सिंह ने आज सुबह करीब 10 बजे घटनास्थल का जायजा लेकर थाने में सुमन से पूछताछ की। घटना संदिग्ध महसूस होने के बावजूद भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने मीडिया को बताया कि एसपी ने लुटेरों की तलाश में पुलिस की चार टीमें लगाई है।

error: Content is protected !!