फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज़) आज एआरटीओ-प्रवर्तन सुभाष राजपूत एवं यातायात प्रभारी सत्येन्द्र कुमार द्वारा एआरटीओ कार्यालय में ड्राईविंग लाइसेन्स के टेस्ट देने हेतु आये हुये आवेदकों तथा विभागीय कार्य से आये हुये अन्य आवेदकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। इस जागरूकता कार्यक्रम में 62 व्यक्तियों के द्वारा प्रतिभाग किया गया। एआरटीओ-प्रवर्तन सुभाष राजपूत के द्वारा बताया गया कि माह दिसम्बर 2025 तक जनपद फर्रूखाबाद में 490 सड़क दुर्घटनायें घटित हुई हैं। जिनमें 284 व्यक्तियों की मृत्यु हुई है जबकि दिसम्बर 2024 तक जनपद फर्रूखाबाद में 390 सड़क दुर्घटनायें घटित हुई थीं जिनमें 213 व्यक्तियों की मृत्यु हुई थी। इस प्रकार वर्ष 2025 में दुर्घटनाओं की संख्या में 25.64 प्रतिशत तथा मृतकों की संख्या में 33.33 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
आवेदकों से अनुरोध किया गया कि वह किसी भी स्थिति में यात्री वाहनों में ओवरलोडिंग ना करें, वाहन के प्रपत्र पूर्ण रखें, नशे की स्थिति में वाहन न चलाएं, वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग न करें, अपनी गति को नियंत्रण में रखें तथा यातायात नियमों का पालन करें। सभी सुरक्षित रहें यातायात नियमों का पालन करें एवं अपने जनपद फर्रूखाबाद को दुर्घटना रहित जनपद बनाएं।
एआरटीओ द्वारा राह-वीर योजना की जानकारी देते हुये बताया गया कि इस योजना के अन्तर्गत घातक दुर्घटना में घायल व्यक्ति को दुर्घटना के उपरान्त एक घण्टे (गोल्डन ऑवर) के अन्दर अस्पताल पहुँचाने से घायल के जीवित रहने पर 25 हजार रुपयों के पुरस्कार का प्राविधान है। घातक दुर्घटना में बड़ी सर्जरी, न्यूनतम तीन दिन अस्पताल में रहना, मस्तिष्क की चोट, रीढ़ की हड्डी की चोट एवं इलाज के दौरान घायल की मौत सम्मिलित है।
एआरटीओ द्वारा यह भी जानकारी दी गई कि हिट एण्ड रन मोटर दुर्घटना के पीड़ितों के लिये मुआवजा योजना-2022 केे अन्तर्गत अज्ञात वाहन से घटित सड़क दुर्घटना में मृत्यु की दशा में 2 लाख रुपए तथा गम्भीर रूप से घायल होने की दशा में 50 हजार रुपए के मुआवजा का प्राविधान है। यातायात प्रभारी सत्येन्द्र कुमार द्वारा भी सभी को सुरक्षित यातायात के नियम बताये गये।




