फर्रुखाबाद।(एफबीडी न्यूज़) कोतवाली फर्रुखाबाद पुलिस बीती शाम व्यापारी को पकड़ ले गई। उसे छोड़ने के लिए रूपयों का इंतजाम करने को कहा है। कोतवाली फर्रुखाबाद के मोहल्ला मदरवाडी चौराहा निवासी भानु प्रकाश गुप्ता की पुत्री तनीषा ने मुख्यमंत्री के पोर्टल पर शिकायत की है। तनीषा ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि मैं छोटे भाई बहन को पढ़ाकर देखभाल करती हूं। कल शाम 5 बजे कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक दर्शन सिंह, सिपाही विजय कुमार अंकित कुमार, रामकुमार, वीरेंद्र कुमार एवं ड्राइवर के साथ घर आए।
पुलिस भाई रोहित को वाहन में बैठाकर कोतवाली ले गई हम लोग रात भर कोतवाली चक्कर लगाते रहे। पुलिस ने बताया कि रोहित ने बड़ा अपराध किया है छुड़ाने के लिए रूपयों का इंतजाम करो। कानून की पढ़ाई करने वाली तनीषा ने पुलिस अधिकारियों से पूंछा है कि मैं जानना चाहती हूं कि मेरे भाई की गलती क्या है। यदि भाई ने अपराध किया है तो उसे छोड़ा न जाए और यदि वह निर्दोष हो तो उक्त पुलिस कर्मियों के विरुद्ध कार्यवाही की जाए। बताया गया कि रोहित दालमोठ का व्यापार करता है। राष्ट्रीय बजरंग दल के पूर्व महामंत्री ऋषभ गुप्ता ने बताया कि भाई रोहित को कोतवाली के मुंशी कार्यालय में बैठाया गया है। पुलिस ने भाई की पिटाई भी की है।
भाई को पकड़ने के संबंध में जब घुमना चौकी इंचार्ज अमित गुप्ता से बात की गई तो उन्होंने कोई जानकारी देने से मना करते हुए इंस्पेक्टर से बात करने को कहा। जब इंस्पेक्टर से बात की तो उन्होंने कहा कि बैठो और बाद में कुछ नहीं बताया। भाई को पुलिस हिरासत में 24 घंटे होने जा रहे हैं।
कोतवाली प्रभारी दर्शन सिंह ने बताया की रोहित को कल मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वह बैठक में है कोतवाली से जानकारी करने पर बता पाऊंगा कि किस अपराध में गिरफ्तारी हुई है।
(मुन्ना गुप्ता की रिपोर्ट)




