फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज़) मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र में मृत मिले विक्रम की शिनाख्त हो गई है। करीब 30 वर्षीय विक्रम थाना कमालगंज के ग्राम बलीपुर निवासी सर्वेश राजपूत का आवारा पुत्र था। एफबीडी न्यूज़ ने विक्रम के फोटो के साथ आज सुबह खबर डाली थी कि मृत युवक की शिनाख्त करो। फोटो देखकर मृत विक्रम राजपूत की पहचान हो गई। सूचना मिलने पर विक्रम के माता-पिता एवं गांव के लोग कोतवाली मोहम्मदाबाद पहुंचे। बताया गया कि अविवाहित विक्रम राजपूत आवारा पृवत्ति का था उसके ऊपर चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं। विक्रम के वारंट आने एवं उसकी जमानत कराने के कारण परिजन काफी परेशान थे। 
विक्रम कल शाम तक घर पर मौजूद था वह परसों ग्राम प्रधान ऋषि कुमार जाटव के घर पर कंबल मांगने गया था प्रधान ने गरीबों को कंबलों का वितरण किया था। विक्रम का बड़ा भाई विकास प्राइवेट नौकरी करता है। नीम करोरी पुलिस चौकी इंचार्ज यतेंद्र सिंह ने विक्रम के बारे में जानकारी करने के लिए प्रधान से फोन पर बात की है। चौकी इंचार्ज ने विक्रम की शिनाख्त हो जाने पर एफबीडी न्यूज की खबर का असर बताकर धन्यवाद दिया है।




