प्रश्नपत्रों वाले डबल लाक की चाबी पुलिस को मिलेगी

फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज़) प्रशासन ने बोर्ड परीक्षा को निष्पक्ष ढंग से संपन्न करने के लिए प्रश्न पत्रों वाले डबल लाक की एक चाबी पुलिस को दिये जाने की रणनीति बनाई है। 18 फरवरी से प्रारम्भ होने वाली हाईस्कूल व इण्टरमीडिएट बोर्ड परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराये जाने हेतु बैठक करके रणनीति बनाई है। आज मध्यान्ह 12 बजे जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में बैठक हुई। जिसमें अपर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक, जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जनपद में निर्धारित 79 परीक्षा केन्द्रों के केन्द्र व्यवस्थापक शामिल हुए। कण्ट्रोल रूम प्रभारी व प्रधानाध्यापक रामलखन सिंह पाल ने केन्द्र व्यवस्थापकों को अवगत कराया गया कि आधारभूत सुविधाओं यथा-फर्नीचर, वायस रिकार्डरयुक्त सी0सी0टी0वी0 कैमरा/हाईस्पीड इण्टरनेट/पेयजल/ शौचालय/विद्युत की स्थाई एवं वैकल्पिक व्यवस्था व्यवस्था की जाये।

स्ट्रांग रूम की स्थापना की जाये जिसमें 4 डबल लाॅक युक्त अलमारी की व्यवस्था सुनिश्चित करायी जाये। डबल लाॅक युक्त अलमारी में शासनादेश तथा परिषद द्वारा निर्गत निर्देशों के अनुसार परीक्षा प्रश्नपत्रों को रखा जाये। चतुर्थ अलमारी जिसमें रिजर्व प्रश्नपत्रों के सेट रखे जाने हेतु उसके प्रथम लाॅक की एक चाबी स्टैटिक मजिस्ट्रेट के पास तथा दूसरी चाभी केन्द्र व्यवस्थापक के पास रहेगी। दूसरे लाॅक की चाबी सम्बंधित थानाध्यक्ष अथवा उनके द्वारा नामित इंस्पेक्टर की अभिरक्षा में रखी जायेगी। स्ट्रांग रूम हेतु लाॅग बुक तैयार की जाये, जिसमें स्ट्रांग रूम के खोलने का समय एवं बन्द किये जाने का समय एवं खोलने तथा बंद करने वाले अधिकारी, कर्मचारी का विवरण भी अंकित किया जाये। लाॅग बुक केन्द्र पर तैनात पुलिस बल की अभिरक्षा में रखा जायेगा।

सभी केन्द्र व्यवस्थापक परीक्षा केन्द्रों पर आवश्यक कक्ष निरीक्षकों का मांग पत्र प्रेषित कर दें। किसी भी स्थिति में बालिकाओं परीक्षार्थियों की चेंकिग पुरूष शिक्षक व कर्मचारी के माध्यम से कदापि न करायी जाये। उक्त के अतिरिक्त परिषद द्वारा निर्गत निर्देश- ‘‘क्या करें एवं क्या न करें’’ के सम्बन्ध में अवगत कराया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा समस्त केन्द्र व्यवस्थापकों को विद्यालय में 2 दिवस के अन्दर समस्त आधारभूत सुबिधाओं को पूर्ण कराये जाने एवं सी0सी0टी0वी0 कैमरों को सुचारू रूप से संचालित किये जाने की हिदायत दी। उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम 2024 के सम्बन्ध में अवगत कराते हुये सभी केन्द्र व्यवस्थापकों को अपने विद्यालय में उपरोक्त निर्देशों से अवगत कराये जाने के निर्देश दिये।

परीक्षा के दौरान केन्द्र पर विशेष सर्च अभियान के तौर पर परीक्षार्थियों का मिलान एवं जांच की जाये। केन्द्र पर परीक्षा में सम्मिलित किये जाने से अवगत कराया गया। अपर जिलाधिकारी ने सभी केन्द्र व्यवस्थापकों को समस्त व्यवस्थायें सुचारू रूप पूर्ण कर लिये जाने तथा किसी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल समस्त सम्बन्धित को अवगत करायेंगे। स्टेटिक मजिस्ट्रेट से समन्वय स्थापित करते हुये परीक्षाओं को सकुशल सम्पादित कराये जाने के निर्देश दिये गये।
जिलाधिकारी ने इस वर्ष नवीन तैनात केन्द्र व्यवस्थापको को परीक्षा सम्बन्धी समस्त निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करने एवं किसी भी प्रकार की जानकारी एवं सहयोग हेतु जनपदीय कण्ट्रोल रूम के नम्बर 05692-234153 पर एवं कण्ट्रोल रूम प्रभारी के मोबाइल नंबर 9450109285 पर सम्पर्क करने के निर्देश दिये। परीक्षा सम्बन्धी व्यवस्थाओं को पूर्ण कराने एवं मोबाइल आदि सामग्री रखे जाने हेतु पृथक से व्यवस्था किये जाने की हिदायत दी।

error: Content is protected !!