हादसे में छात्र की मौत: मामा सहित 2 घायल

फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज़) बाइकों की भिड़ंत में छात्र इंद्रेश राजपूत की मौत हो जाने पर परिवार में मातम छा गया। थाना जहानगंज के ग्राम तरा नगला बंदर खेड़ा निवासी अखिलेश राजपूत का 10 वर्षीय पुत्र इंद्रेश मामा सुआलाल के साथ उनकी बाइक से जा रहा था। रास्ते में ग्राम रूनी चुरसई गांव के बाहर बाइकों की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसे में इंद्रेश गंभीर अवस्था में सड़क पर पड़ा था चुरसई गांव के ही युवक अंकित राजपूत ने छिबरामऊ की ओर से आए बाइक सवार के सहयोग से घायल बालक को 2.40 बजे लोहिया अस्पताल पहुंचाया। ईएमटी देवेंद्र ने थाना शमशाबाद के ग्राम बसोला निवासी 30 वर्षीय घायल सुआलाल पुत्र बुद्ध पाल एवं थाना जहानगंज के दान मंडी निवासी सर्वेश के 20 वर्षीय घायल पुत्र अनुज को लोहिया अस्पताल पहुंचाया।

थोड़ी देर बाद ही इंद्रेश के पिता अस्पताल पहुंच गए। उपचार के दौरान इंद्रेश की 3 बजे मौत हो गई। बताया गया कि इंद्रेश गांव के ही प्राइमरी स्कूल में कक्षा 4 का छात्र था। अंकित राजपूत ने छात्र इंद्रेश की जान बचाने के लिए उसे लोहिया अस्पताल पहुंचाया था। अंकित राजपूत ने बताया कि सड़क पर गिरने के कारण बालक के सिर की हड्डी बाहर निकल आई थी। सुआलाल भांजे इंद्रेश को अपने घर ले जा रहे थे। घटना की सूचना पर जहानगंज थानाध्यक्ष राजेश राय एवं राजपूताना चौकी इंचार्ज उदय सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सड़क पर पड़े घायलों को लोहिया अस्पताल भिजवाने में सहयोग किया, क्षतिग्रस्त बाइकों को चौकी ले जाया गया।

error: Content is protected !!