फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज़) अमृतपुर थाने के ग्राम पिथनापुर निवासी स्वर्गीय राजवीर सिंह के 27 वर्षीय पुत्र संदीप ने प्यार में असफल होने के कारण फांसी लगाकर जान दे दी। संदीप का शव आज सुबह नीम के पेड़ पर लटका देखे जाने पर परिवार में हाहाकार मच गया। संदीप की बहन का जनपद कासगंज थाना गंजडुंडवारा क्षेत्र के गांव में विवाह हुआ है। अविवाहित संदीप इसी गांव में बबलू के घर रहता था इसी दौरान संदीप बबलू की पत्नी वंदना से प्यार करने लगा। चर्चा है कि संदीप वंदना से शादी करना चाहता था लेकिन वंदना ने उसके साथ रहने से साफ मना कर दिया। इसी बात से गुस्साया संदीप बीते दिन ही घर आया था। 
संदीप की मौत पर उसकी मां गायत्री देवी एवं बड़ा भाई शिव आदि परिजन बिलखते रहे। गायत्री देवी की सूचना पर दरोगा कल्लू सिंह ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। संदीप की पेंट पर वंदना का नाम लिखा था उसके मोबाइल फोन में भी वंदना का फोटो था। यह जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में संदीप के प्रेम प्रसंग के चर्चे होने लगे। थानाध्यक्ष मानू शाक्य ने एफबीडी न्यूज़ को बताया कि संदीप की पेंट पर पेन से वंदना लिखा था संदीप के फोन की सीडीआर निकलवा कर मामले की गहराई से जांच पड़ताल की जाएगी।




