व्यवसायिक वाहनों पर एकमुश्त कर: परिवहन कार्यालय में मेले का आयोजन

फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज़) सहायक संभागीय परिवहन विभाग ने
व्यवसायिक वाहनों पर एकबारीय कर की जानकारी देने के लिए विभाग में मेले का आयोजन किया है। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि दिनांक 30 जनवरी, 2026 से भाडे़ या पारिश्रमिक पर संचालित दो पहिया मोटर साइकिल, तिपहिया मोटर कैब एवं मैक्सी कैब, प्रयोजन यान, माल वाहन, राज्य परिवहन उपक्रम के स्वामित्वाधीन सार्वजनिक सेवायान आदि के सम्बन्ध में उ0प्र0 मोटरयान कराधान अधिनियम में संशोधन कर उ0प्र0 सरकार द्वारा परिवहन कर प्रणाली में व्यापक सुधार करते हुए एकबारीय कर की व्यवस्था को लागू किया गया है। यह व्यवस्था तकनीकी रूप में वाहन पोर्टल पर लाइव हो गयी है।

इस व्यवस्था का प्रमुख उद्देश्य वाहन स्वामियों को बार-बार भुगतान की जटिल एवं समय-साध्य प्रक्रिया से राहत प्रदान करना, कर प्रशासन को सरल बनाना, अधिकाधिक गैर- परिवहन यानों को परिवहन यानों में परिवर्तित करना तथा राजस्व संग्रह की प्रक्रिया को अधिक सुदृढ़ करना है। प्रदेश के परिवहन विभाग की अधिसूचना के अनुसार परिवहन यानो पर एकबारीय कर की दर निम्नवत् निर्धारित की गयी है।

1- तिपहिया मोटर कैब पर एकबारीय कर की दर यान के मूल्य का 7 प्रतिशत निर्धारित की गयी है।
2- तिपहिया मोटर कैब को छोड़कर 10 लाख रूपये तक के मूल्य वाली मोटर कैब तथा मैक्सी कैब पर एकबारीय कर की दर यान के मूल्य का 10.50 प्रतिशत निर्धारित की गयी है।
3- तिपहिया मोटर कैब को छोड़कर 10 लाख रूपये से अधिक मूल्य वाली मोटर कैब तथा मैक्सी कैब पर एकबारीय कर की दर यान के मूल्य का 12.50 प्रतिशत निर्धारित की गयी है।
4- 3000 किलोग्राम तक सकल यान भार वाले माल वाहनों पर एकबारीय कर की दर यान के मूल्य का 3 प्रतिशत निर्धारित की गयी है।
5- 3000 किलोग्राम से अधिक किन्तु 7500 किलोग्राम से अधिक सकल यान भार के वाहन (मिनी ट्रक आदि) पर एकबारीय कर की दर यान के मूल्य का 6 प्रतिशत निर्धारित की गयी है।

पूर्व से रजिस्ट्रीकृत वाहनों पर एकबारीय कर की गणना के लिए पूर्व में अवधि के प्रत्येक वर्ष के लिए एक वारीय कर की धनराशि में आठ प्रतिशत की छूट देकर गणना की जायेगी, परन्तु यह छूट 75 प्रतिशत से अधिक नही होगी।

वाहन स्वामियों को प्रदेश सरकार की इस जनहितकारी योजना से अवगत कराये जाने तथा विभागीय राजस्व प्राप्ति के उद्देश्य से प्रथम चरण दिनांक 20-02-2026 एवं 21-02-2026 को प्रदेश के प्रत्येक जनपदीय परिवहन कार्यालयों में परिवहन मेले का आयोजन कराया जा रहा है। उक्त निर्देशों के अनुपालन में सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय, फर्रूखाबाद के भवन में दिनांक 20-02-2026 एवं 21-02-2026 को प्रातः 10 बजे से सांय 3 बजे तक मेले का आयोजन किया गया है। मेले में कर जमा कराने की भी व्यवस्था रहेगी।

error: Content is protected !!