फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 25 फरवरी। युवती लाखों के जेवरात लेकर बहनोई के साथ चली गई। रिपोर्ट दर्ज न होने के कारण उसकी पीड़ित मां काफी परेशान है। थाना मऊदरवाजा के ग्राम भिडौर निवासी पीड़ित महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने में दी गई तहरीर में कहा है कि 18 फरवरी को सुबह 9 बजे मेरी अविवाहित 24 वर्षीय खेत के लिए घर से कहकर गयी थी लेकिन खेत में नहीं गयी। थाना कंपिल के ग्राम बरखेड़ा निवासीअर्जुन सिंह पुत्र उदय प्रताप मेरी पुत्री को बहला फुसलाकर शादी करने का झांसा देकर अपनी ओला टैक्सी में बैठाकर अपने साथ कही भगा ले गया है। 
मेरी पुत्री अपने साथ एक हार सोने का, एक चेन सोने की, पाँच अँगूठी सोने की, एक मांग बेन्दी सोने की, एक कमर गुच्छा चाँदी की, एक कमर पेटी चाँदी की, दो चूड़ी सोने की, दो जोडी चाँदी की पायलें अपने साथ लेकर गयी है। अर्जुन सिंह, मेरी बड़ी पुत्री विनीता पत्नी अभय प्रताप का सगा देवर है। पूर्व में मेरी पुत्री के विवाह की बात अर्जुन सिंह से चली थी लेकिन इसके पिता ने विवाह करने से मना कर दिया था। इस षड्यन्त्र में अर्जुन सिंह के पिता उदय प्रताप, भाई अभय प्रताप व मंगल सिंह उर्फ कालू का पूरा हाथ है। उपरोक्त लोग शातिर दबंग किस्म के हैं। 
पुत्री को अर्जुन सिंह के साथ ओला टैक्सी में जाते हुए मेरे पुत्र अवनीश सिंह व गांव के विकास सिंह पुत्र मुकेश सिंह ने देखा है। पीड़ित विधवा ने एफबीडी न्यूज़ को बताया कि मैंने 18 फरवरी को ही रिपोर्ट दर्ज करने के लिए थाने में तहरीर दी थी। 21 फरवरी को पुलिस ने दूसरी तहरीर लिखवाई। मैं रिपोर्ट लिखाने के लिए थाने में कई बार गई और घंटों थाने में बैठी रही लेकिन आज तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।




