फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 26 फरवरी। नगर कायमगंज में वृद्ध व्यापारी दंपत्ति की हत्या किए जाने से सनसनी फैल गई। नगर के मोहल्ला कूंचा दरवाजा निवासी 70 वर्षीय परषोत्तम कौशल का शव बेड पर एवं उनकी 65 वर्षीय की पत्नी पुष्पा का शव आंगन में पड़ा देखा गया। करीब 1 बजे दूधिया ने गेट को खटखटाया, दरवाजा न खुलने पर दूधिया ने अंदर झांक कर देखा तो आंगन में महिला को पडा देखकर घबरा गया। 

सूचना मिलने पर कोतवाली के इंस्पेक्टर सुरजीत, सीओ राजेश कुमार द्विवेदी, एसओजी टीम के अलावा फॉरेंसिक टीम पहुंची। परसोत्तम के गले में बिजली के पीले रंग का तार फंसा था। पुष्पा के शव के नीचे पानी का पाइप पड़ा था पास में ही उनकी चप्पल रखी देखी गई। 
घरेलू सामान बिखरा था बताया गया की पुष्पा ने सुबह आंगन में झाड़ू लगाया था वह घटना के समय पानी के पाइप से आंगन को धो रही थी। चर्चा है कि कई व्यक्ति योजनाबद्ध तरीके से मकान के अंदर घुसे। जिन्होंने बेड पर लेते समय ही परसोत्तम की बिजली के तार से गला घोटकर हत्या कर दी और पुष्पा का भी गला दबा दिया। 
घर में नगदी व जेबरात ढूंढने के लिए सामान को बिखेरा गया। खरबूजे के बीज का व्यापार करने वाले पुरुषोत्तम कौशल काफी साधन संपन्न थे। उन्होंने एक लड़की को गोद लिया था जिसकी शादी कर चुके हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा भरा है पोस्टमार्टम से ही हत्या की असलियत पता चलेगी। पुलिस ने हथियारों की तलाश में अड़ोस पड़ोस के सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू कर दिये है।




