फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज़) 26 फरवरी। सूबे के पर्यटन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने आज यहां कहा है कि वह संकिसा को विश्व स्तरीय पर्यटन स्थल बनायेंगे। पत्रकार वार्ता के दौरान एफबीडी न्यूज़ के संपादक आनंद भान शाक्य ने मंत्री जयवीर सिंह से सवाल किया कि आपने संकिसा बुद्ध स्तूप को लेकर बौद्धों एवं सनातनियों के बीच चल रहे विवाद को निपटने का वादा किया था उसमें क्या हुआ है। श्री सिंह ने पास बैठे विधायक सुशील शाक्य की ओर इशारा करते हुए कहा कि विधायक के प्रयास से विवाद का समाधान किया जा रहा है। उन्होंने बताया की संकिसा के विकास के लिए जमीन की जरूरत है जमीन खरीदने के लिए धन उपलब्ध है। 
पहले ग्राम पंचायत के दौरान संबंधित किसानों को सर्किल रेट से चार गुना अधिक मुआवजा देने का वादा किया गया था। टाउन एरिया बन जाने के बाद मुआवजा सर्किल रेट से 2 गुना देने का प्रावधान है। और बढ़ने के बजाय मुआवजा आधा हो जाने के कारण किसानों ने जमीन देने से मन कर दिया है। उन्होंने बताया कि आज बैठक के दौरान मुआवजा बढ़ाकर जमीन खरीदने पर चर्चा हुई है उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी को इस समस्या का समाधान करने को कहा गया है। पर्यटन मंत्री ने बताया की संकिसा को विश्व स्तरीय पर्यटक स्थल बनाएंगे इसके लिए संकिसा को जीटी रोड से जोड़ने का प्रस्ताव दिया गया है। कुठला झील की दयनीय स्थिति के जवाब में बताया की झील के सुंदरीकरण के लिए ढाई करोड़ का प्रस्ताव भेजा गया है।

तालाबों की भूमि पर किए गए कब्जे के सवाल के जवाब में बताया की अमृत सरोवर योजना तालाबों के सुंदरीकरण एवं जल संचयन के उद्देश्य से चालू की गई है। उन्होंने जिलाधिकारी को तालाब भूमि पर माफियाओं के कब्जे को हटवाने के लिए कहा। अवैध रूप से बने भवनों को गिराने के लिए दिए गए 1200 नोटिसों में आज तक एक पर भी कार्रवाई नहीं हुई है। मंत्री ने इस मामले में कार्रवाई करने के लिए डीएम से कहा कि नोटिस की कंप्लायंस होनी चाहिए। पर्यटन मंत्री से शिकायत की गई कि बिना नक्शा स्वीकृत कराये पेट्रोल पंपों के अबैध निर्माण से सरकार को 5 करोड़ रूपयों की चपत लगाई गई है। डीएम से एनओसी लेकर पंपों के निर्माण कराए गए हैं यह जानकारी मिलने पर चकित होकर मंत्री ने कहा कि नक्शा पास होने पर ही डीएम एनओसी देते हैं।
मंत्री श्री सिंह ने डीएम से इस मामले को देखने के लिए कहा। प्रभारी मंत्री को अवगत कराया गया कि आईटीआई कॉलेज परिसर को आईटीआई चौकी पुलिस द्वारा जब्त किए गए वाहनों एवं चोरों का अड्डा बन गया है। मंत्री ने बताया कि जब तक डंपिंग यार्ड के लिए जगह नहीं मिल जाती तब तक डीएम को समस्या का समाधान करने को कहा गया। पर्यटन मंत्री से शिकायत की गई की फसल बीमा योजना में करोड़ों रुपए हडपे गए और वितरण के लिए गायब किए गए लाखों रुपए स्मार्टफोन चोरी के मामले में दो माह बीत जाने के बावजूदअभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। स्मार्टफोन के मामले में दर्ज कराई रिपोर्ट में जिम्मेदार कर्मचारियों के बजाय संविदा कर्मचारियों को फंसाकर मामले को रफा दफा किया जा रहा है।
जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने बताया कि फसल बीमा के घोटाले के मामले में काफी रूपयों की रिकवरी हो चुकी है। उन्होंने एसपी के हवाले से बताया कि 300 से अधिक स्मार्टफोन बरामद किए जा चुके हैं। पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह ने बताया स्मार्टफोन चोरी के मामले की विवेचना चल रही है विवेचना के संबंध में मीडिया को नहीं बताया जा सकता है। मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि जो भी कर्मचारी विवेचना में दोषी पाया जाएगा वह किसी हालत में बच नहीं पाएगा। डीएम से इस मामले को प्राथमिकता से निस्तारण करने को कहा। हाईवे पर होने वाली दुर्घटनाओं पर चर्चा के दौरान मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि संबंधित विभाग ने 31 मार्च तक सभी खामियों को दूर कर लाइटों का इंतजाम करने का वादा किया है।

