आर्य समाज का होली मिलन समारोह धूमधाम से

फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज़) 3 मार्च। आज आर्य समाज कमालगंज के प्रांगण में होली मिलन समारोह अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और वैदिक परंपरा के अनुरूप धूमधाम से संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ सर्वप्रथम वेद मंत्रों के उच्चारण एवं यज्ञ के साथ हुआ। जिसमें उपस्थित श्रद्धालुओं ने आहुतियाँ अर्पित कर परमात्मा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की तथा समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर आचार्य संदीप आर्य ने होली पर्व की वैदिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि होलिकोत्सव अत्यंत प्राचीन पर्व है इसका वास्तविक नाम शारदीय नवसस्येष्ठि यज्ञ है अर्थात शरद ऋतु में नवीन अन्न से किया जाने वाला यज्ञ।

कालांतर ने अनेक कथानक जोड़ते जोड़ते लोगों ने इस पर्व को विकृत स्वरूप दे दिया। होली के नाम पर हुड़दंग मचाना व अनुचित खान पान इसकी गरिमा के विपरीत है। यह उत्सव केवल रंगों का नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि, सद्भावना और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने सभी से वैदिक मूल्यों को अपनाकर जीवन को उज्ज्वल बनाने का आह्वान किया। आर्य समाज के प्रधान प्रदीप आर्य ने उपस्थित सभी अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का हृदय से आभार व्यक्त किया तथा समाज को संगठित एवं संस्कारित रखने का संकल्प दोहराया। हरि सिंह आर्य एवं बालिस्टर सिंह आर्य ने अपने प्रेरक विचारों से सभा को मार्गदर्शन प्रदान करते हुए सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण में आर्य समाज की भूमिका पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम की विशेष आकर्षण रही एमडीएस लाइब्रेरी के बच्चों द्वारा प्रस्तुत मनोहारी सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, जिन्होंने देशभक्ति, नैतिकता और उत्सव की भावना से ओत-प्रोत कार्यक्रमों के माध्यम से सभी का मन मोह लिया। उपस्थित जनसमूह ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए जोरदार तालियों से उनका स्वागत किया। इस अवसर पर नीतीश राठौर, अभिषेक, साहिल, अनुराग, अमित कुमार, आकांक्षा राठौर, अमृता पाण्डेय,सुरभि दीक्षित, कु. राधा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन आपसी स्नेह, शुभकामनाओं और रंगों के सौहार्दपूर्ण आदान-प्रदान के साथ हुआ। समारोह ने समाज में प्रेम, भाईचारा और वैदिक संस्कृति के प्रति जागरूकता का सुंदर संदेश दिया।

error: Content is protected !!