एक और हत्या: महिला गंभीर घायल, फेल हो गई है कायमगंज पुलिस

फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 5 मार्च। कोतवाली कायमगंज क्षेत्र में पीट पीट कर वृद्ध की हत्या कर दिए जाने से सनसनी फैल गई। कायमगंज के सीओ राजेश कुमार द्विवेदी ने मीडिया को बताया कि बीते दिन ग्राम अलादादपुर में रास्ते से हटने के विवाद में दो पक्षों में झगड़ा हो गया। मारपीट के दौरान घायल 65 वर्षीय सूरज सिंह की लोहिया अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। हमले में मीरा देवी गंभीर रूप से घायल हो गई है। रिपोर्ट दर्ज कार्यवाही की जा रही है। शांति व्यवस्था के लिए गांव में फोर्स तैनात किया गया है। लगातार हत्याओं जैसी संगीन वारदातों से कोतवाली कायमगंज क्षेत्र दहल गया है पुलिस किसी भी घटना का खुलासा नहीं कर सकी और न ही युवती को जलाने वाले को गिरफ्तार कर सकी है।

मालूम हो की 26 फरवरी को कायमगंज के मोहल्ला कूंचा दरवाजा निवासी वृद्ध परसोत्तम कौशल एवं उनकी पत्नी श्रीमती पुष्पा की घर में ही दिनदहाड़े गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। 27 फरवरी को घटना स्थल के निरीक्षण के दौरान डीआईजी हरीश चन्दर ने कहा था कि शीघ्र ही हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच टीमें लगाई गई है। 27 फरवरी को सुबह कायमगंज रेलवे स्टेशन के निकट आम के बाग में युवती का शव मिला था जिसकी गला दबाकर हत्या की गई थी। पुलिस अभी तक युवती की शिनाख्त तक नहीं कर सकी है। 24 फरवरी को ग्राम जिजपुरा निवासी स्वर्गीय महेंद्र सिंह की 21 वर्षीय पुत्री नीलम जाटव को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया गया था जिनकी उपचार के दौरान मौत हो गई थी।

कोतवाली पुलिस को दोहरे दंपति हत्याकांड के खुलासे में सहयोग के लिए इंस्पेक्टर आमोद कुमार सिंह एवं अमित कुमार गंगवार को भी विशेष रूप से कायमगंज में लगाया गया है। हत्याकांड का खुलासा करने एवं क्षेत्र में खाकी की हनक जमाने में इंस्पेक्टर मदन मोहन चतुर्वेदी असफल साबित हुए हैं। कोतवाली कायमगंज के दागी उप निरीक्षक जगदीश वर्मा को लाइन हाजिर किए जाने की जानकारी दी गई थी उनकी अभी तक कायमगंज कोतवाली से रवानगी तक नहीं हुई है। किसी को लगाने के लिए शराब के क्वाटर मांगने वाले दरोगा जगदीश वर्मा के क्षेत्र में ही बीते दिन दिनदहाड़े पिटाई कर हत्या की गई है।

error: Content is protected !!