फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज़) 13 मार्च। अगवा की गई दलित छात्रा का धर्मांतरण किए जाने के प्रयास से सनातन धर्मियों में जबरदस्त रोष व्याप्त हो गया है। कोतवाली मोहम्मदाबाद के ग्राम मॉडल शंकरपुर निवासी वेदपाल जाटव ने बजरंग दल के पदाधिकारियों के साथ आज मुख्यमंत्री को संबोधित शिकायती पत्र सिटी में मजिस्ट्रेट को दिया है। पीड़ित पिता देवपाल जाटव ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया है मेरी 19 वर्षीय पुत्री बी०ए० प्रथम वर्ष की छात्रा है। जो 13 फरवरी को मेजर शिवदयाल सिंह डिग्री कॉलेज, मोहम्मदाबाद गयी थी, जो उस दिन से घर नही आयी। जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट 14 फरवरी को थाना मोहम्मदाबाद में दर्ज करायी।
मुझे विश्वसनीय सूत्रों से ज्ञात हुआ कि पुत्री को महफूज पुत्र सरफुद्दीन हाल पता अवन्तीवाई नगर मोहम्मदाबाद धमका कर अपने साथ ले गया है। जिसमें इसके पिता सरफुददीन, चाचा कुरबान तथा इमरान निवासी नीवकरोरी सहयोगी हैं। महफूज का पिता सरफुददीन झोलाछाप चिकित्सक है, उसकी ननिहाल मेरे गाँव में है। जब मैंने उपरोक्त लोगो से सम्पर्क किया तो पहले तो उपरोक्त लोग गुमराह करते रहे। जब अन्य बिरादरी के लोगो के साथ बार-बार इनके घर गया तो उपरोक्त लोगो ने जाति सूचक गालियां देते हुये कहा कि तुम लोगो की इतनी हिम्मत कि मेरे घर बार-बार आ रहे हो। अब तेरी पुत्री मेरे घर की सदस्य हो चुकी है और जल्द ही उसका धर्मान्तरण करके अपने घर रखूंगा। मैने घटना के विषय में थाना पुलिस को बताया तो पुलिस रिपोर्ट लिखने व कार्यवाही करने की बजाय उल्टा मुल्जिमों को संरक्षण दे रही है।
विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के जिला सहसंयोजक रोहण मिश्रा ने मीडिया को बताया कि मैं वह विधानसभा के प्रमुख राहुल कुमार एवं महेश नगर मोहम्मदाबाद के अध्यक्ष देव्पल सिंह राठौड़ पीड़ित पिता के साथ शिकायती पत्र देने गए थे। हम लोगों ने भी शिकायती पत्र पर हस्ताक्षर किए गए हैं। श्री मिश्रा ने बताया कि मोहम्मदाबाद कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की तो कोतवाली मोहम्मदाबाद का घेराव किया जाएगा।



