फर्रूखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 19 मार्च। चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के अवसर पर आज कायमगंज में हिंदू नववर्ष के स्वागत में निकाली गई विराट हिंदू यात्रा की धूम मच गई। इस यात्रा में हजारों की संख्या में पुरुष, महिलाएं, युवक-युवतियां, बच्चे शामिल हुए। यात्रा नगर के प्रसिद्ध शिवाला धाम से हर्षोल्लास पूर्वक शुरू हुई। सैकड़ों श्रद्धालुओं के गगन भेदी जयघोषों की धूम मच गई।
रास्ते में यात्रा का अनेकों स्थानों पर नगरवासियों ने पुष्प वर्षा कर जोरदार स्वागत किया। छतों, बालकनियों और सड़कों के किनारे खड़े लोगों ने भी फूलों से यात्रा का अभिनंदन किया। यात्रा में मनमोहक अनेकों झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। शिव शक्ति अखाड़ा ने अपने प्रदर्शन से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। अखाड़े के कलाकारों ने परंपरागत युद्धकला का प्रदर्शन किया।
ढोल-नगाड़ों की गूंज और भक्ति गीतों की धुनें गूंजी। इस दौरान जय श्रीराम और हर-हर महादेव के नारे गूंजते रहे। गौरक्षा दल और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने भी इस यात्रा में सक्रिय भागीदारी की। विराट हिंदू यात्रा में ओजस्वी हिंदू नेता मधुराम जी, समाजसेवी डॉ विकास शर्मा, दक्ष चौधरी, अक्कू पंडित आदि कई प्रमुख लोग शामिल रहे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए कोतवाली पुलिस बल साथ रहा। यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सीपी गेस्ट हाउस पर समाप्त हुई।



