फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 28 मार्च। कमालगंज थाना पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी अशोक राजपूत को मुठभेड़ में गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया है। अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने आज सुबह मीडिया को बताया कि दुष्कर्म के आरोपी अशोक राजपूत पुत्र अनंतराम को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ में अशोक को गोली लगी है मुठभेड़ के दौरान सिपाही लोकेंद्र सिंह भी गोली लगने से घायल हुआ है। आरोपी अशोक को सीएचसी कमालगंज ले जाया गया वहां से उसे लोहिया अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। मुठभेड़ के दौरान अशोक के पास फायरिंग में इस्तेमाल किए जाने वाला 315 बोर का तमंचा कारतूस व 2 खोखे बरामद हुए हैं।
थाना कमालगंज के ग्राम मोहनपुर दीनारपुर में गांव वालों ने भागवत कथा का आयोजन किया है। 8 साल की बालिका भागवत स्थल पर गई थी। इस दौरान गांव का युवक अशोक राजपूत बालिका को बहलाकर अपने खेत की मडै़या में ले गया। अशोक ने मडैया में बालिका के साथ दुष्कर्म किया और और उसे घटना के संबंध में किसी को जानकारी न देने के लिए धमकाया। घर जाकर बालिका ने परिजनों को घटना के बारे में बताया। परिजन बालिका को लेकर शाम करीब 4 बजे कमालगंज सीएचसी पहुंचे। महिला डाक्टर न होने के कारण डॉक्टर मानसिंह वर्मा ने बालिका को लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
दुष्कर्मी ने बालिका को दिया था रूपयों का लालच
दुष्कर्मी अशोक राजपूत भागवत कथा स्थल से रुपयों का लालच देकर बालिका को अपने खेत की मडैया में ले गया था। अशोक ने वहां बालिका के साथ जबरन दुष्कर्म किया, बालिका के खून निकलने पर अशोक डर गया था। बीती रात रजीपुर चौराहा मंदिर के निकट चकरोड़ पर मुठभेड़ हुई।पुलिस के द्वारा मुठभेड़ की दर्ज की गई रिपोर्ट में कहा गया है कि प्रभारी निरीक्षक ललित कुमार व उप निरीक्षक विमल कुमार ने पिस्टल से गोली चलाने वाले व्यक्ति पर एक-एक फायर किया था। वांये पैर में गोली लगने से अशोक घायल हो गया। अशोक के द्वारा चलाई गई गोली सिपाही लोकेंद्र सिंह के दाहिने हाथ में लगी



