बिजली के करंट से महिला झुलसी: लाइन फाल्ट से लाखों का नुकसान

फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 29 मार्च। बिजली के करंट से पूजा करते समय श्रीमती अमिता दीक्षित बुरी तरह झुलस गई। हाई टेंशन लाइन के फाल्ट से लाखों का नुकसान हो गया। फर्रुखाबाद बाईपास के किनारे ग्राम कुइयांबूट निवासी संतोष दीक्षित की 50 वर्षीय पत्नी श्रीमती अमिता आज सुबह मकान के छज्जे से जल चढ़ाकर पूजा कर रही थी। उसी समय हाई टेंशन लाइन के करंट की चपेट में आने से अमिता झुलस गई उन्हें लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजन प्राथमिक उपचार के बाद महिला को रेफर करा कर वेहतर इलाज के लिए कानपुर ले गए। संतोष दीक्षित के आवास के बाहर हाई टेंशन की लाइन निकली है।

घटना के समय संतोष दीक्षित के आवास के पूर्वी और स्थित पुष्पेंद्र राजपूत की दुकान के सामने लगे हाई टेंशन लाइन के पोल का तार टूटने से जबरदस्त फाल्ट हुआ था। इसी दौरान इलाके के करीब दो दर्जन मकान के घरेलू उपकरण फुंक जाने से लाखों का नुकसान हो गया। दुकान एवं मकान में धुआं भर गया, तेज धमाके के बाद बिजली के उपकरण जलने पर लोग नहीं समझ सके कि क्या हुआ है। अड़ोस पड़ोस में भगदड़ मच कर भय का वातावरण व्याप्त हो गया। बिजली के करंट से गिलहरी मारकर सड़क पर जा गिरी। संतोष दीक्षित के मकान के निकट घरेलू लाइन के पोल पर आग लग गई थी। सूचना मिलने पर कर्मचारियों ने फाल्ट को सही कर आपूर्ति चालू कराई।

error: Content is protected !!