फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) अदालत ने सेवा निवृत सैनिक की विधवा पत्नी को धमकाने वाले सिपाही आदि लोगों के विरुद्ध तुरंत केस दर्ज करने का आदेश कोतवाली प्रभारी को दिया है।
कोतवाली फतेहगढ़ के मोहल्ला नगला दीना निवासी स्वर्गीय सतेंद्र सिंह की विधवा श्रीमती सुमन देवी ने सीजेएम कोर्ट में मुकदमा दायर कर अदालत को अवगत कराया कि 27 फ़रवरी को समय करीब शाम 7.55 बजे प्रार्थिनी अपने घर पर मौजूद थी। तभी प मोहल्ले के नवीन उर्फ लालू, अंकित, गौरव पुत्रगण राजकुमार, शिल्पी व बबली पुत्री राजकुमार, रेनू पत्नी राजकुमार व राजकुमार पुत्र स्व० मदारीलाल सभी एकराय होकर अपनें-अपने हाथों में लाठी-डंडे लेकर घर के अन्दर घुस आये।
प्रार्थिनी को माँ-बहन की गन्दी गन्दी गालियाँ देते हुए मेरे साथ मारपीट करने लगे। जब मेरा पुत्र अंकित बचाने आया तो उक्त सभी लोगों ने अंकित को भी बुरी तरह मारा पीटा। शोरगुल की आवाज पर तमाम लोगों के आ जाने पर उक्त लोग आयन्दा जान से मारने की धमकी देते हुए चले गये। उक्त लोग जाते समय अंकित का मोबाईल Vivo V 30 जिसमें Jio की सिम थी, अपने साथ ले गये। उक्त लोग पूर्व से प्रार्थिनी एवं प्रार्थिनी के परिवार से रंजिश मानते हैं और प्रार्थिनी के साथ आये दिन घटना कारित करते हैं। जिसमें केस दर्ज कराये जानें के लिये दिनांक 30 जनवरी को पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र दिया था। जिस कारण उक्त लोगों द्वारा यह घटना की गयी है। मारपीट में प्रार्थिनी के पुत्र अंकित के काफी चोटें आयी है, जिनका चिकित्सीय परीक्षण कोतवाली फतेहगढ़ पुलिस द्वारा 28 फ़रवरी को लोहिया अस्पताल में कराया गया।
किन्तु कोतवाली फतेहगढ़ के तमाम चक्कर काटने के उपरान्त भी प्रार्थिनी की रिपोर्ट दर्ज नहीं की गयी। 2 मार्च को प्रार्थिनी ने पुलिस अधीक्षक को जरिये रजिस्टर्ड डाक प्रार्थना पत्र दिया। उक्त प्रार्थना पत्र की जानकारी होने के उपरान्त से विनय उर्फ बबलू पुत्र राजकुमार निवासी नगलादीना जो कि उत्तर प्रदेश पुलिस में सेवारत है, लगातार प्रार्थिनी को तरह-तरह से धमकी दे रहा है कि यदि प्रार्थिनी ने कोई कार्यवाही की तो वह प्रार्थिनी को पुत्रों समेत जान से मरवा देगा। विजय प्रताप सिंह एडवोकेट ने पीड़ित विधवा की पैरवी की है।



