डीआईजी बोले गुंडे को जेल भेजो: थाने के सुंदरीकरण का किया लोकार्पण

फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 31 मार्च। कानपुर के डीआईजी हरीश चन्दर ने आज यहां पीड़ित सूबेदार मेजर की शिकायत सुनने के बाद कहा कि गुंडे को जेल भेजो। डीआईजी ने आज सायं आदर्श थाना मऊदरवाजा के सौंदरीकरण का लोकार्पण कर साइबर हेल्प डेस्क एवं किड्स जोन का फीता काटकर उद्घाटन किया। थाना मऊ दरवाजा पहुंचने पर डीआईजी को बजरिया चौकी इंचार्ज यतेंद्र सिंह, दीवान लाल सिंह आदि पुलिस कर्मियों ने सलामी दी। डीआईजी ने मुंशी कार्यालय, डाक कार्यालय, महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण करने के बाद बेहतरीन ढंग से साफ कर सजाए गए शस्त्रों को देखा। माफिया अनुपम दुबे के जप्त किए गए अनेकों लग्जरी वाहन वाहनों को देखकर अनावश्यक वाहनों का निस्तारण करने को कहा।
डीआईजी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने थाना परिसर में एक-एक आम का पौधा लगाया। डीआईजी एवं एसपी ने करीब एक दर्जन चौकीदारों को गिफ्ट भेंट किये। पुलिस अधीक्षक ने थाना अध्यक्ष को थाना भवन पर थाने का नाम लिखाने को कहा।

थाने से रवाना होने से पहले डीआईजी हरीश चन्दर ने सेवानिवृत्ति सूबेदार मेजर श्याम पाल को बुलाकर उनकी समस्या सुनी। श्याम पाल ने बताया कि गांव के पड़ोसी लोग खेत पर कब्जा करने के लिए कई बार मारपीट कर चुके हैं जिनकी रिपोर्ट दर्ज कराई गई कोई कार्रवाई नहीं हुई है। गांव के मकान में सामान बंद है जिसको निकालना है। डीआईजी ने थाना अध्यक्ष अजब सिंह से घटना के बारे में जानकारी की। थाना अध्यक्ष ने अभी तक की गई कार्रवाई की जानकारी देकर कार्रवाई करने को कहा। तभी डीआईजी ने कहा कि स्वयं जाकर परेशान करने वाले लोगों को पकड़ कर लाओ, यदि गुंडई करते हैं तो उन्हें जेल भेजो। निरीक्षण के थाना परिसर को फूल मालाओं से सजाया गया था।

आवारा कुत्तों को भगाने व बंदरों को भगाने के लिए पुलिस कर्मियों व चौकीदारों को लगाया गया। इसके बावजूद बंदर सजावटी फूलमाला को तोड़कर भाग गया। डीआईजी के निरीक्षण के दौरान हेड मोहर्रिर महेंद्र सिंह ने कार्यालय को सैनिटाइजर किया। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सीओ सिटी एवं सीओ मोहम्मदाबाद मौजूद रहे। रायपुर चौकी इंचार्ज अरविंद यादव, बीबीगंज चौकी प्रभारी नितिन कुमार यादव, उपनिरीक्षक विनीत त्रिपाठी, अजय कुमार यादव, राघवेंद्र सिंह, पंकज कुमार यादव राहुल कुमार, हेड मोहर्रिर उदय नारायण शाक्य, अतुल कुमार यादव आदि पुलिस कर्मी व्यवस्था में सक्रिय रहे। जिन्होंने अच्छे ढंग से मोआइना हो जाने पर राहत महसूस की।

डीआईजी के चले जाने के बाद सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय ने पीड़ित सूबेदार मेजर श्यामपाल से पूंछताछ की। सीओ ने जसमई चौकी इंचार्ज अरविंद यादव को मौके पर जाकर परेशान करने वाले लोगों को पकड़ लाने को कहा। सीओ सिटी के जाने के बाद चौकी इंचार्ज अरविंद यादव ने पीड़ित से पूछताछ की। उन्होंने पीड़ित को बताया की 7 साल से कम सजा वाले मामले में गिरफ्तारी नहीं होती है। ग्राम परतापुर तराई निवासी श्याम पाल ने शिकायती पत्र में कहा है कि 7 मार्च को अपने खेत की परेवट करने गया था, उसी समय ऋषिपाल पुत्र रामलाल, अमित, रितेश, गोविन्द, शिवम पुत्रगण ऋषिपाल व भानु, रवि पुत्रगण राजेन्द्र सिंह एक राय होकर लाठी डण्डा सरिया लेकर हमलावर हो गये। जिसमें अमित के हाथो में अवैध तमंचा भी था वहां अकेला होने के कारण जान बचाकर भाग गया।

कुछ दूरी पर जाकर मैने 112 पर कॉल कर उक्त घटना की जानकारी दी तथा एस०ओ० मऊदरवाजा को भी घटना की जानकारी दी। लगभग आधा घण्टे बाद मौके पर पुलिस आयी और हमलावरों को थाने बुलाया लेकिन कोई भी थाने में नही गया। गाटा सं0-94 प्रार्थी के हिस्से में आयी है उपरोक्त दबंग लोग इस भूमि पर अवैध रूप से कब्जा करना चाहते हैं, जिसका वाद न्यायालय सिविल जज जू०डि० कायमगंज में विचाराधीन है। न्यायालय में इस पर यथास्थित बनाये रखने का आदेश पारित किया है।

पीड़ित श्याम पाल ने एफबीडी न्यूज़ को बताया की थाना पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने पर मैंने 25 मार्च को कानपुर जाकर डीआईजी को शिकायती पत्र दिया था। आज डीआईजी के फोन से पुलिस लाइन पहुंचने को कहा गया, मैं सुबह 11 बजे पुलिस लाइन पहुंच गये थे, एसपी के स्टेनो ने मुझे थाने पहुंचने को कहा था। पीड़ित फौजी ने आज शाम एफबीडी न्यूज़ को बताया की कोई भी पुलिस कर्मी जांच करवाई के लिए गांव नहीं गया है।

error: Content is protected !!