फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 4 अप्रैल। कायमगंज कोतवाली पुलिस ने जीएसटी चोरी के मामले में ट्रांसपोर्ट मालिक राजीव तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है। थाना कंपिल के ग्राम करनपुर निवासी
ताहर सिंह पुत्र अनंतराम ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि कूटरचित दस्तावेज तैयार कर, धोखाधडी करके फर्जी बोगस फर्म बनाकर जीएसटी का अपवंचन किया जा रहा है। पुलिस ने सैय्यद अरवाज अली उर्फ सद्दाम पुत्र आफाक अली आदि के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया था। विवेचना के प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर राजीव तिवारी पुत्र रामविलास तिवारी निवासी ग्राम नुनवारा कोतवाली कायमगंज का नाम प्रकाश में आया।
अभियुक्त राजीव ने पुलिस को बताया कि मैं जय सनी ट्रान्सपोर्ट कम्पनी का मालिक हूं और तम्बाकू व्यापारियों व अन्य व्यापारियों को ट्रांसपोर्ट वाहन उपलब्ध कराता हूं। जुबैर और अरवाज के द्वारा उपलब्ध कराये गये ई-वे बिल के आधार पर जुबैर के साथी सुखवीर व अन्य लोगों के वाहनों के नाम से उनके द्वारा बताये हुए पते की बिल्टी काट कर वाहन उपलब्ध कराता हूं। जुबैर व हम लोगों ने एक गैंग बना रखी है जिसमें फर्जी फर्मों के नाम से जी0एस0टी0 चोरी करने के इरादे से व्यापारियों का माल फर्जी फर्मों के नाम से फर्जी ई-वे बिल तथा उसी पते की फर्जी बिल्टी काटने व अरवाज, अमन व फैसल सुखवीर आदि के साथ मिलकर मोटा मुनाफा कमाते थे।
पुलिस ने राजीव के पास से फर्जी फर्म्स अमन ट्रेडिंग कम्पनी ट्रांस्पोर्ट बिल्टी बिल्स एवं उनकी छायाप्रतियां,फर्जी फर्म्स नुहा टुबैको कम्पनी बिल्टी बिल्स की छायाप्रतियां एवं स्टार इण्टर प्राईजेज कम्पनी बिल्टी बिल्स एवं उनकी छायाप्रतियां तथा 2 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।



