फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 7 अप्रैल। आज आलू मंडी सातनपुर से लखनऊ के लिए आलू किसान बचाओ यात्रा रवाना हो गई। जिसमें आलू का निर्यात कराओ, मरता हुआ किसान बचाओ, जो आलू हित की बात करेगा वही देश पर राज करेगा आदि नारेबाजी के दौरान यात्रा का शुभारंभ हुआ। यात्रा का नेतृत्व किसान नेता अशोक कटियार कर रहे हैं। यात्रा रवाना होने से पहले पूर्व अध्यक्ष सुधीर वर्मा रिंकू के प्रतिष्ठान पर बैठक हुई। जिसमें मुख्य अतिथि किसानों के मसीहा अजय अनमोल ने कहा कि आलू के लाभकारी मूल्य के लिए आपको जुनून पैदा करना होगा तभी लड़ाई जीती जा सकती है। हमने फर्रुखाबाद में आप सभी के जुनून पर ही पहले आंदोलन करके सफलता प्राप्त की थी। आलू के अत्यधिक गिरते मूल्य पीड़ा जाहिर करते हुए कहा आलू की कैसे कहां खपत हो सकती है, के लिए आलू विकास बोर्ड बनाया जाए।
किसान नेता अशोक कटियार ने कहा कि आलू की दुर्दशा पर सरकार को ध्यान देना चाहिए, फर्रुखाबाद के अलावा देश में कहीं भी आलू पर मंडी टैक्स नहीं है। यहां तो दो ढाई सौ रुपए में आलू बिक रहा लेकिन मंडी टैक्स 500 से, 600 रूपये लिया जाता है। आलू का निर्यात अविलम्ब कराया जाए, आलू आधारित उद्योग लगाए जाएं। आज प्रमुख रूप से आलू आढ़ती एसोसिएशन के अध्यक्ष अर्पित राजपूत, पूर्व अध्यक्ष सुधीर वर्मा रिंकू, परशुराम वर्मा, लालू यादव, भाजपा नेता प्रभात अवस्थी, संजय कटियार, वीरेंद्र आर्य, परषोत्तम वर्मा, रामलड़ैते राजपूत, प्रदीप गुप्ता मोनी, आलू निर्यातक सुधीर शुक्ला, अरविन्द कटियार, भूपेन्द्र पथरिया, राजेन्द्र पाल, सरदार पटेल युवा वाहिनी जिलाध्यक्ष अंशुल कटियार, अजय राजपूत, श्रीचंद मिश्रा,मुन्ना राजपूत, बालकिशन शाक्य, आलोक कटियार, हरिश्चंद्र राजपूत, संतोष कुमार आदि अनेकों लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता परशुराम वर्मा व संचालन मीडिया प्रभारी अरविन्द राजपूत ने किया।



