फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज) 13 अप्रैल। महिला थाने में दारोगा द्वारा सभासद के पति की अकारण पिटाई किए जाने की शिकायत एसपी से की गई है। पिटाई का कारण रिश्वत न मिलना बताया गया है। सभासद एसोसिएशन के राष्ट्रीय मंत्री अतुल शंकर दुबे के नेतृत्व में सभासद मृदुल कटियार, नरेंद्र यादव, कृष्ण मोहन, उमेश, सुनार, विजय अनुरागी अनिल तिवारी, नन्हे पंडित, शशांक शेखर मिश्रा, रवि अंसारी, मोहित एडवोकेट, शक्ति सिंह, धर्मेंद्र कनौजिया, आलोक बाजपेई, विश्वनाथ राजपूत ने आज एसपी को ज्ञापन दिया। एसपी से मांग की गई की सभासद के पति एवं प्रतिनिधि शयाम की अकारण पिटाई व गिरफ्तारी करने वाले दरोगा मिथिलेश यादव के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। एसपी से महिला थाने के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को जांच में शामिल करने की मांग की गई। सभासद एवं उनके पति ने दरोगा के खिलाफ कार्रवाई करने के संबंध में जिलाधिकारी को भी प्रार्थना पत्र दिया है।

नाली निर्माण के विवाद में महिला थाना अध्यक्ष ने परसों वार्ड नंबर 4 नानक नगर की सभासद श्रीमती निर्मला देवी के पति श्याम सिंह को थाने बुलवाया। थाना अध्यक्ष ने दोनों पक्षों का विवाद निपटा दिया, घर जाने के लिए श्याम सिंह थाने के बरामदे में खड़े थे। उसी दौरान थाने के दरोगा मिथिलेश यादव ने श्याम से कहा कि कुछ व्यवस्था करा दो, श्याम ने रिश्वत में रुपए देने से मना कर दिया। तभी नाराज दरोगा ने एक महिला से अभद्र भाषा में बात की। श्याम ने महिला का पक्ष लेते हुए दरोगा से कहा की महिला से ऐसी भाषा का प्रयोग नहीं करना चाहिए। इसी बात से खिसियाये दरोगा ने श्याम के अनेकों झापड़ जड़ दिए और उसका मोबाइल फोन छीन लिया। श्याम को जबरन थाने के वाहन में डालकर कोतवाली फतेहगढ़ ले जाया गया। 
दरोगा मिथिलेश ने फतेहगढ़ कोतवाली पुलिस से कहा कि इसका चालान करो तो फतेहगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करने से मना कर दिया। करीब डेढ़ घंटे थाने में बैठने के बाद शाम को वापस महिला थाने ले जाया गया और वहां उसकी गिरफ्तारी की लिखा पड़ी की गई अपराधियों की तरह उसका पुलिस के साथ फोटो खींचा गया। श्याम को चिकित्सीय परीक्षण के लिए लोहिया अस्पताल ले जाया गया। परीक्षण के दौरान दरोगा मिथिलेश ने डॉक्टर से कहा कि नार्मल रिपोर्ट बना दो, तो डॉक्टर ने दरोगा को जवाब दिया की जैसी स्थिति होगी वैसी ही रिपोर्ट बनाई जाएगी। श्याम ने डॉक्टर को बताया की दरोगा की पिटाई से गाल एवं कान में काफी दर्द हो रहा है। चिकित्सी परीक्षण के दौरान डॉक्टर ने श्याम की चोटों का उल्लेख कर दिया। यह जानकारी देते हुए श्याम ने एफबीडी न्यूज़ को बताया कि करीब 6 बजे दरोगा मिथिलेश मुझे सिटी मजिस्ट्रेट के यहां ले गया, मजिस्ट्रेट ने जमानत पर छोड़ दिया।
दरोगा की कार्रवाई संदिग्ध
महिला थाना में दहेज हत्या दहेज उत्पीड़न संगीन वारदातों में ही जांच करवाई होती है। यह पहला मामला है जब महिला थाने से किसी की शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तारी की गई। स्वयं को बचाने के लिए दरोगा मिथिलेश ने फतेहगढ़ कोतवाली पुलिस से सभासद पति का चालान करवाने का प्रयास किया। जब फतेहगढ़ कोतवाली पुलिस ने दरोगा को ठेगा दिखा दिया तो उसने स्वयं ही गिरफ्तारी की कार्रवाई की और स्वयं ही आरोपी का डाक्टरी परीक्षण करने लोहिया अस्पताल गया। दरोगा स्वयं ही आरोपी को पेश करने के लिए अदालत ले गया। जिले के सभी थानों में साधारण आरोपियों का मेडिकल सिपाही होमगार्ड एवं पीआरडी के जवान ही करवाते हैं और वह लोग भी आरोपियों को पेश करने के लिए अदालत ले जाते हैं। महिला थाना प्रभारी निरीक्षक नीतू यादव ने एफबीडी न्यूज को बताया की पुलिस ने थाने में किसी की पिटाई नहीं की। ऐसी कोई घटना नहीं हुई जितना बड़ा दर्शाया जा रहा है।



