फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज) 13 अप्रैल। सभासद एसोसिएशन की आज शाम विशम्भर दयाल धर्मशाला में हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि जब तक सभासद के पति की पिटाई करने वाले दरोगा मिथिलेश कुमार यादव को निलंबित नहीं किया जाएगा तब तक वह लोग पुलिस का कतई सहयोग नहीं करेंगे। बैठक में वरिष्ठ सभासद अतुल शंकर दुबे ने बताया कि हम लोग दरोगा को लाइन हाजिर किए जाने से संतुष्ट नहीं है मक्कार दरोगा मिथिलेश कुमार को निलंबित किया जाए तब तक कोई भी सभासद पुलिस का सताई सहयोग नहीं करेंगे। ऐसे दरोगा को 1 मिनट भी जिले में रहने का अधिकार नहीं है। वरिष्ठ सभासद असलम अंसारी ने घटना की निंदा करते हुए कहां की जब पुलिस को कोई काम होता है तो हम लोगों से बड़े प्यार से काम करवा लेते हैं और जब हम लोगों पर अत्याचार होता है तो कड़ी कार्रवाई नहीं की जाती है उन्होंने सभासदों से एकजुट होकर संघर्ष करने को कहा।
वरिष्ठ सभासद रफी अंसारी ने पुलिस के व्यवहार की निंदा करते हुए कहा की लाइन हाजिर कोई कार्रवाई नहीं होती है हम लोग पुलिस का रात में भी सहयोग करते हैं। सभासद डब्बू अग्निहोत्री ने कहा कि दरोगा को लाइन हाजिर किया जाना कोई सजा नहीं है दरोगा को निलंबित होना चाहिए। सभासद एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अनिल तिवारी ने घटना पर दुःख जाहिर करते हुए कहा की सभासद दिन रात सभी की सेवा करते हैं, उन्होंने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि यदि मेरे साथ ऐसी घटना होती तो मैं दरोगा को थप्पड़ मार कर जवाब देता। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री तक दरोगा की शिकायत कर बर्खास्त करने का प्रयास करेंगे। सभासद नन्हे पंडित ने सभासद डब्बू की बातों का समर्थन करते हुए दरोगा के निलंबन के लिए आंदोलन चलाने को कहा।
बैठक का संचालन करने वाले सभासद अतुल शंकर दुबे ने बताया कि वह शीघ्र ही सभासदों की बैठक कर निर्णय की जानकारी लिखित रूप से एसपी को देगे। सभासद के पीड़ित प्रतिनिधि श्याम राजपूत ने मीडिया कर्मियों को आपबीती सुनाई। महिला थाने की प्रभारी निरीक्षक नीतू यादव ने एफबीडी न्यूज़ को बताया कि दरोगा मिथिलेश कुमार को बीते दिन लाइन हाजिर कर दिया गया है।
बैठक में सभासद संत कुमार बाथम, धर्मेंद्र कनौजिया,विश्वनाथ राजपूत,अनिल यादव, मृदुल कटियार, उमेश गौतम सभासद प्रतिनिधि, प्रबल त्रिपाठी एडवोकेट प्रतिनिधि, शशांक शेखर मिश्रा, संजय वर्मा सभासद प्रतिनिधि,संजीव बाजपेई सभासद प्रतिनिधि, विजय अनुरागी, शक्ति सिंह, प्रशांत कटियार लईक अंसारी, अभिषेक अग्निहोत्री सभासद प्रतिनिधि, कृष्ण मोहन उर्फ नन्हे पंडित, नवनीत कनौजिया सभासद प्रतिनिधि मौजूद रहे।
मालूम हो कि बीते दिनों सभासद एसोसिएशन के राष्ट्रीय मंत्री अतुल शंकर दुबे के नेतृत्व में सभासद मृदुल कटियार, नरेंद्र यादव, कृष्ण मोहन, उमेश, सुनार, विजय अनुरागी अनिल तिवारी, नन्हे पंडित, शशांक शेखर मिश्रा, रवि अंसारी, मोहित एडवोकेट, शक्ति सिंह, धर्मेंद्र कनौजिया, आलोक बाजपेई, विश्वनाथ राजपूत ने एसपी को ज्ञापन दिया था। एसपी से मांग की गई थी सभासद के पति एवं प्रतिनिधि शयाम की अकारण पिटाई व गिरफ्तारी करने वाले दरोगा मिथिलेश यादव के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। एसपी से महिला थाने के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को जांच में शामिल करने की मांग की गई। सभासद एवं उनके पति ने दरोगा के खिलाफ कार्रवाई करने के संबंध में जिलाधिकारी को भी प्रार्थना पत्र दिया था।
नाली निर्माण के विवाद में महिला थाना अध्यक्ष ने वार्ड नंबर 4 नानक नगर की सभासद श्रीमती निर्मला देवी के पति श्याम सिंह को थाने बुलवाया था। थाना अध्यक्ष ने दोनों पक्षों का विवाद निपटा दिया, घर जाने के लिए श्याम सिंह थाने के बरामदे में खड़े थे। उसी दौरान थाने के दरोगा मिथिलेश यादव ने श्याम से कहा कि कुछ व्यवस्था करा दो, श्याम ने रिश्वत में रुपए देने से मना कर दिया। तभी नाराज दरोगा ने एक महिला से अभद्र भाषा में बात की। श्याम ने महिला का पक्ष लेते हुए दरोगा से कहा की महिला से ऐसी भाषा का प्रयोग नहीं करना चाहिए। इसी बात से खिसियाये दरोगा ने श्याम के अनेकों झापड़ जड़ दिए और उसका मोबाइल फोन छीन लिया। श्याम को जबरन थाने के वाहन में डालकर कोतवाली फतेहगढ़ ले जाया गया।
दरोगा मिथिलेश ने फतेहगढ़ कोतवाली पुलिस से कहा था कि इसका चालान करो तो फतेहगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करने से मना कर दिया। करीब डेढ़ घंटे थाने में बैठने के बाद शाम को वापस महिला थाने ले जाया गया और वहां उसकी गिरफ्तारी की लिखा पड़ी की गई अपराधियों की तरह उसका पुलिस के साथ फोटो खींचा गया। श्याम को चिकित्सीय परीक्षण के लिए लोहिया अस्पताल ले जाया गया। परीक्षण के दौरान दरोगा मिथिलेश ने डॉक्टर से कहा कि नार्मल रिपोर्ट बना दो, तो डॉक्टर ने दरोगा को जवाब दिया की जैसी स्थिति होगी वैसी ही रिपोर्ट बनाई जाएगी। श्याम ने डॉक्टर को बताया की दरोगा की पिटाई से गाल एवं कान में काफी दर्द हो रहा है। चिकित्सीय परीक्षण के दौरान डॉक्टर ने श्याम की चोटों का उल्लेख कर दिया। यह जानकारी देते हुए श्याम ने एफबीडी न्यूज़ को बताया था कि करीब 6 बजे दरोगा मिथिलेश मुझे सिटी मजिस्ट्रेट के यहां ले गया, मजिस्ट्रेट ने जमानत पर छोड़ दिया।



