फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 26 अप्रैल। जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर ने आज मोहम्मदाबाद क्षेत्र के उखरा स्थित निर्माणाधीन 400/220/132 केवी विद्युत पारेषण केंद्र का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। लगभग 926.77 करोड़ की लागत से निर्मित हो रहे इस महत्वपूर्ण परियोजना की प्रगति का जिलाधिकारी ने गहनता से अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता (पारेषण) ने अवगत कराया कि पारेषण केंद्र में 400 केवी की दो विद्युत लाइनें बदायूँ से तथा दो लाइनें उरई जनपद जालौन से जोड़ी जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि परियोजना का निर्माण कार्य मार्च 2024 में प्रारंभ हुआ था, जिसमें 400 केवी का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि 220 केवी एवं 132 केवी स्तर के कार्य लगभग 90 प्रतिशत तक पूर्ण हो चुके हैं। शेष कार्य 31 मई 2026 तक पूर्ण कर लिए जाने का लक्ष्य निर्धारित है। अधिकारियों द्वारा यह भी जानकारी दी गई कि परियोजना के पूर्ण होने के उपरांत जनपद फर्रूखाबाद एवं कन्नौज को विद्युत आपूर्ति में उल्लेखनीय सुधार होगा तथा क्षेत्र में निर्बाध एवं सुदृढ़ विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकेगी।
डीएम ने कार्यदायी संस्था के ठेकेदार को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण किया जाए। उन्होंने सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने तथा नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से कार्य की प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कार्य दायी संस्था के प्रतिनिधि, प्रभारी तहसीलदार सदर सनी कनौजिया, जिला सूचनाधिकारी ओमवीर सिंह उपस्थित रहे।



